पहलगाम आतंकी हमले की जांच में अहम सबूत माने जा रहे 'गो-प्रो हीरो' 12 कैमरे को लेकर चीन ने अब तक कोई जानकारी नहीं दी है। जम्मू की विशेष अदालत ने मार्च में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) को कैमरे के खरीदार और अंतिम उपयोगकर्ता का पता लगाने के लिए चीन से न्यायिक सहायता मांगने की अनुमति दी थी। एनआईए के शीर्ष सूत्रों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
जांच में सामने आया था कि पिछले साल 22 अप्रैल को पहलगाम हमले से पहले इलाके की विस्तृत रेकी की गई थी, जिसमें इस कैमरे का इस्तेमाल हुआ। सीरियल नंबर C3501325471706 वाले इस कैमरे से सुरक्षा बलों की मूवमेंट, स्थानीय लोगों की आवाजाही और ट्रांसपोर्ट की स्थिति जैसी जानकारी जुटाई गई थी। एनआईए के पास कैमरे के इस्तेमाल को लेकर पर्याप्त फोरेंसिक सबूत हैं।
एनआईए ने जांच के लिए चीन के सक्षम न्यायिक प्राधिकरण को लेटर रोगेटरी (एलआर) जारी करने की अनुमति मांगी थी। कैमरा निर्माता गो प्रो बीवी ने एजेंसी को बताया था कि यह कैमरा चीन स्थित वितरक एई ग्रुप इंटरनेशनल लिमिटेड को सप्लाई किया गया था और 30 जनवरी, 2024 को डोंगगुआन में एक्टिव हुआ था। कंपनी ने कहा कि उसके पास लेन-देन या अंतिम उपयोगकर्ता का रिकॉर्ड नहीं है। भारत और चीन के बीच पारस्परिक कानूनी सहायता संधि (एमएलएटी) न होने से जानकारी मिलने पर संशय है। सूत्रों के मुताबिक एनआईए यूएनटीओसी के तहत सहायता ले सकती है, लेकिन यह लंबी प्रक्रिया है।
गत वर्ष एनआईए ने इस मामले में सात आरोपियों के खिलाफ आरोपपत्र दाखिल किया था, जिसमें लश्कर-ए-तैयबा/टीआरएफ के सदस्य और पाकिस्तानी हैंडलर साजिद जट्ट शामिल हैं। 1,597 पृष्ठों के आरोपपत्र में उन तीन पाकिस्तानी आतंकवादियों के नाम भी हैं जो जुलाई 2025 में श्रीनगर के दाचीगाम में ऑपरेशन महादेव के दौरान मारे गए थे। इस हमले में 25 पर्यटक और एक स्थानीय नागरिक की मौत हुई थी।