बागपत के बड़ौत में कक्षा 12 के एक 17 वर्षीय छात्र से सुरक्षा एजेंसियों ने इंस्टाग्राम पर पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी को फॉलो करने के मामले में लगातार दो दिन पूछताछ की। स्थानीय अभिसूचना इकाई (एलआईयू) को मिले इनपुट के आधार पर छात्र की गतिविधियां जांच के दायरे में आई थीं। छात्र शहर के नजदीक एक स्कूल में पढ़ता है।

एटीएस मेरठ, विशेष अभिसूचना विभाग और स्थानीय अभिसूचना इकाई समेत संबंधित एजेंसियों ने छात्र का मोबाइल फोन कब्जे में लेकर उसकी इंटरनेट मीडिया गतिविधियों, सर्च हिस्ट्री और अन्य डिजिटल जानकारियों की जांच की। पूछताछ में उससे आतंकी को फॉलो करने के कारण को लेकर सवाल किए गए। जांच में किसी आतंकी नेटवर्क से संपर्क या किसी संदिग्ध गतिविधि में शामिल होने की पुष्टि नहीं हुई।

एएसपी प्रवीण चौहान ने बताया कि संबंधित की पहचान कर उससे पूछताछ और जांच की गई है। फिलहाल उसकी किसी अवांछनीय गतिविधि में संलिप्तता नहीं मिली है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि छात्र को गिरफ्तार नहीं किया गया है। एहतियात के तौर पर स्थानीय अभिसूचना इकाई में उसका निगरानी कार्ड प्रचलित किया गया है, ताकि उसकी गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। फिलहाल उसे छोड़ दिया गया है।

मामला सामने आने के बाद शुक्रवार को शहर में आतंकी पकड़े जाने की चर्चा फैल गई और इंटरनेट मीडिया पर भी गिरफ्तारी को लेकर अफवाह उड़ती रही। दोपहर बाद पुलिस ने स्पष्ट किया कि यह किसी आतंकी की गिरफ्तारी का मामला नहीं है। एक नाबालिग छात्र के इंटरनेट मीडिया अकाउंट पर पाकिस्तानी आतंकी की मौजूदगी और उसके बाद सुरक्षा एजेंसियों की सक्रियता ने डिजिटल गतिविधियों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।