सऊदी अरब ने शुक्रवार को हूती विद्रोहियों के नियंत्रण वाले यमन के होदेदा बंदरगाह पर हवाई हमला किया, जिससे बंदरगाह को भारी नुकसान पहुंचा। इससे पहले हूती लड़ाकों ने दुनिया भर की एयरलाइन कंपनियों से सऊदी अरब के आकाश से दूर रहने की चेतावनी दी थी। हूती का कहना है कि हवाई हमलों के दौरान अनजाने में यात्री विमान भी निशाना बन सकते हैं, इसलिए सऊदी अरब के लिए उड़ानें स्थगित रखी जाएं।

इस चेतावनी के बाद एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने जेद्दा के लिए अपनी उड़ानों पर रोक 24 नवंबर तक बढ़ा दी है, जबकि रियाद और अन्य शहरों के लिए दोनों कंपनियों ने 30 नवंबर तक उड़ानें स्थगित रखी हैं। सऊदी अरब ने यह हमला हूती द्वारा रियाद की सबसे ऊंची इमारत पीआईएफ टावर पर किए गए हमले के एक दिन बाद किया है।

हूती के नियंत्रण वाले क्षेत्र का होदेदा सबसे महत्वपूर्ण बंदरगाह है, जहां से उन्हें जरूरत का सामान और आपूर्ति मिलती है तथा तेल और अन्य माल अन्य देशों को भेजा जाता है। सऊदी अरब का कहना है कि बंदरगाह को निशाना बनाने से हूती को मिलने वाली सैन्य मदद रुक जाएगी और उनकी हमले की क्षमता पर असर पड़ेगा। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले सैन्य गठबंधन ने बंदरगाह समेत सभी संवेदनशील क्षेत्रों से आम लोगों को हट जाने की चेतावनी दी है, जबकि हूती का दावा है कि हमले से बंदरगाह को ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है और माल की आवाजाही जारी है।

इस बीच हूती लड़ाकों के सऊदी अरब समर्थित यमन सरकार की राजधानी अदन के और करीब पहुंचने की सूचना है। बड़े शहर तैज को भी हूती लड़ाकों ने घेर रखा है और दोनों जगह लड़ाई जारी है। एयरलाइन कंपनियों की तरह हूती ने शिपिंग कंपनियों से भी सऊदी बंदरगाहों से जहाजों और टैंकरों की आवाजाही रोकने की चेतावनी दी है। हूती के प्रवक्ता याह्या सारी ने कहा है कि आने वाले दिनों में सऊदी अरब के बंदरगाहों पर बड़े हमले होंगे, इसलिए आम लोगों और कर्मचारियों को लाल सागर पर बने सऊदी अरब के सभी बंदरगाहों को तत्काल छोड़ देना चाहिए।