नई दिल्ली। पहलगाम हमले के आतंकियों से बरामद गोप्रो कैमरे को लेकर NIA को अब तक चीन से कोई जवाब नहीं मिला है। NIA के DG राकेश अग्रवाल ने 20 नवंबर को पत्रकारों को बताया कि मामले में कुछ फोरेंसिक सबूत मिले हैं। जांच एजेंसी ने कैमरे की सप्लाई चेन का पता लगाने के लिए अमेरिकी कंपनी गोप्रो इंक से संपर्क किया था। कंपनी के मुताबिक, यह कैमरा चीन के एक अधिकृत कमर्शियल डिस्ट्रीब्यूटर को भेजा गया था। अब जांच इस बात पर केंद्रित है कि कैमरा चीन से पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा के हैंडलर्स तक कैसे पहुंचा। जांच में यह संभावना भी देखी जा रही है कि कैमरे पाकिस्तान आर्मी ने खरीदे और बाद में आतंकी संगठनों को दिए। भारत और चीन के बीच म्यूचुअल लीगल असिस्टेंस ट्रीटी (MLAT) नहीं है, इसलिए ऐसे मामलों में जानकारी के अनुरोध डिप्लोमैटिक चैनल के जरिए भेजे जाते हैं।

यह हाईटेक कैमरा पिछले साल जुलाई में डाचीगाम के जंगलों में मारे गए आतंकियों से बरामद हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक, बैसरन हमले की जगह से बरामद कम से कम दो AK-47 राइफलों और डाचीगाम मुठभेड़ स्थल से मिली एक राइफल का मूल भी चीन था। जांच अधिकारियों का मानना है कि सप्लाई चेन का पता चलने से फंड, हथियार और टैक्टिकल सामान पहुंचाने वाले नेटवर्क की कमजोरियां सामने आ सकती हैं और मिलीभगत का भी पता चल सकता है। आतंकी संगठन अब हमलों की रिकॉर्डिंग के लिए शरीर पर पहने जाने वाले और टैक्टिकल कैमरों का इस्तेमाल कर रहे हैं, जिनका उपयोग प्रचार और डर फैलाने के लिए किया जाता है।

22 अप्रैल 2025 को आतंकियों ने पहलगाम के बैसरन मैदान में 26 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। इसके बाद नई दिल्ली ने ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया, जिसके तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाकों में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया गया। इन ठिकानों में लश्कर-ए-तैयबा और जैश-ए-मोहम्मद के मुख्य कैंप भी शामिल थे। हमले में शामिल तीनों आतंकी बाद में डाचीगाम के जंगलों में आर्मी स्पेशल फोर्सेज के साथ मुठभेड़ में मारे गए।

प्रारंभिक जांच के मुताबिक, तीनों आतंकी बैसरन मैदान से पहलगाम के जंगलों के रास्ते भागे थे और माना जा रहा है कि वे एक वाहन से फरार हुए। जांचकर्ताओं ने पहलगाम से बाहर जाने वाली सड़क पर शोपियां रजिस्ट्रेशन नंबर वाला एक वाहन देखा था, लेकिन रास्ते में कई CCTV कैमरे खराब होने से सुराग नहीं मिल सका। NIA ने लश्कर-ए-तैयबा और छह लोगों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की है, जिसमें मारे गए तीन आतंकी फैसल जट्ट उर्फ सुलेमान, हबीब ताहिर उर्फ छोटू और हमजा अफगानी भी शामिल हैं। चार्जशीट में खुद को लश्कर-ए-तैयबा का “कमांडर” बताने वाला साजिद जट्ट उर्फ साजिद जट भी शामिल है। स्थानीय निवासी बशीर अहमद जोथटाड और परवेज अहमद के नाम भी चार्जशीट में हैं, जिन पर हमले से पहले आतंकियों को रोजाना पांच घंटे खाना और ठिकाना देने का आरोप है। जांचकर्ता अब भी यह पता लगा रहे हैं कि साजिश में कोई और ऑपरेटिव शामिल था या नहीं।