अमेरिका के अल्बुकर्क में 31 अक्टूबर को हैलोवीन पार्टी के दौरान तेज संगीत को लेकर दो महिलाओं के बीच हुई बहस हिंसक झगड़े में बदल गई। पुलिस द्वारा जारी होम सिक्योरिटी फुटेज के अनुसार, इस दौरान 40 वर्षीय इलायना गोमेज-विलेडा का 10 साल का बेटा घर से हैंडगन लेकर बाहर आया और किशोर पड़ोसी केईनरलीन प्लाजा रेंजेल पर गोली चला दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

रिपोर्ट के मुताबिक, गोमेज-विलेडा अपने पड़ोसियों से जोरदार संगीत को लेकर बहस कर रही थीं। बहस जल्द ही हाथापाई में बदल गई और महिलाएं एक-दूसरे के बाल खींचने और घूंसे मारने लगीं। इसके बाद गोमेज-विलेडा का बेटा झगड़े में शामिल होकर पड़ोसियों में से एक को पीटकर घर के अंदर लौट गया। फिर वह दोनों हाथों में बंदूक पकड़े वापस आया और रेंजेल की ओर निशाना साधा। वीडियो में दिखता है कि लड़के ने पहले गोली चलाने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। कुछ सेकंड बाद उसने दोबारा निशाना साधा और गोली चला दी। गोली लगने के बाद रेंजेल गिर गया और उसकी मौत हो गई।

मां गोमेज-विलेडा पर हत्या, बाल शोषण और नाबालिग को अपराध की ओर प्रेरित करने के आरोप लगाए गए हैं। अभियोजन पक्ष ने उन्हें जेल में रखने की मांग की है। उम्र कम होने के कारण 10 साल के लड़के पर अभी कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस और जिला अटॉर्नी कार्यालय यह तय करेंगे कि उसके खिलाफ क्या कार्रवाई संभव है।

पुलिस प्रवक्ता ने कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि बच्चे का इरादा क्या था और उसे बंदूक कैसे मिली। यह जानकारी न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट पर आधारित है।