अमेरिका के न्यूयॉर्क स्थित दक्षिणी जिले की एक अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को 235 महीने की जेल की सजा सुनाई है। दिल्ली निवासी 55 वर्षीय गुप्ता ने इस साल 13 फरवरी को तीन आरोपों को स्वीकार किया था, जिनमें हत्या की साजिश रचना, उसके लिए किसी की मदद लेना और आर्थिक लाभ के लिए मनी लॉन्ड्रिंग का प्रयास शामिल है। बचाव पक्ष ने अदालत से 144 महीने यानी 12 साल की सजा देने का आग्रह किया था। दलील दी गई थी कि खालिस्तान समर्थक गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साजिश के मामले में गुप्ता को कोई आर्थिक लाभ नहीं होने वाला था और उस पर भारत के किसी सरकारी कर्मचारी का दबाव था।

अभियोजन पक्ष के अनुसार, गिरफ्तारी से पहले अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने गुप्ता पर निगरानी शुरू कर दी थी। गुप्ता ने एक ऐसे व्यक्ति से बातचीत शुरू की, जिसने खुद को ड्रग तस्कर बताया, जबकि वह अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसी का अंडरकवर अधिकारी था। गुप्ता ने उस पर भरोसा जताया और अपनी योजना से जुड़ी कई अहम बातें साझा कीं। बाद में उस अधिकारी ने गुप्ता की मुलाकात एक अन्य व्यक्ति से कराई, जिसे हिटमैन यानी भाड़े के हत्यारे के रूप में पेश किया गया, लेकिन वह भी अंडरकवर अधिकारी निकला। गुप्ता को 30 जून, 2023 को चेक गणराज्य में अमेरिका के अनुरोध पर गिरफ्तार किया गया था और 14 जून, 2024 को न्यूयॉर्क लाया गया था।

अभियोजन पक्ष ने मामले को राजनीतिक हत्या की कोशिश से जोड़ते हुए कठोर सजा की मांग की थी। अदालत में कहा गया कि पन्नू की हत्या की साजिश इसलिए रची गई, क्योंकि गुप्ता उसकी राजनीतिक विचारधारा के खिलाफ था, और इस केस में एक सरकारी व्यक्ति भी प्रमुख तौर पर शामिल है। अभियोजन पक्ष ने यह भी आरोप लगाया कि गुप्ता ने हिटमैन को पन्नू की हत्या के लिए तैयार करते समय ड्रग्स और हथियारों के सौदे सहित कई तरह का लालच दिया था।

अमेरिकी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के दस्तावेजों में रॉ के पूर्व अधिकारी विकास यादव का भी जिक्र है। दिल्ली पुलिस ने दिसंबर 2023 में यादव को अपहरण एवं जबरन वसूली के मामले में गिरफ्तार किया था, जिसके बाद अप्रैल 2024 में उन्हें जमानत मिल गई थी। एफबीआई ने अक्टूबर 2024 में यादव को वांटेड सूची में शामिल किया था। सुनवाई के दौरान गुप्ता ने बताया कि ब्रुकलिन के मेट्रोपॉलिटन डिटेंशन सेंटर में अधिकारी और कैदी उसे इंडियन योगा कहकर बुलाने लगे थे।