दिल्ली की एक फास्ट ट्रैक कोर्ट ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले में शनिवार को सभी 14 आरोपियों के खिलाफ आरोप तय कर दिए। इन आरोपियों में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) से जुड़े तीन सब्जेक्ट एक्सपर्ट भी शामिल हैं। सभी आरोपियों को राउज एवेन्यू कोर्ट में विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता के सामने पेश किया गया, जहां उन्होंने खुद को निर्दोष बताया और मुकदमे का सामना करने की बात कही। कोर्ट ने कहा कि मामले पर 25 नवंबर से रोजाना सुनवाई होगी।
आरोपियों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और सबूत नष्ट करने के आरोप तय किए गए हैं। इसके अलावा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के तहत भी आरोप लगाए गए हैं। विशेष न्यायाधीश अजय गुप्ता ने 18 नवंबर को सभी आरोपियों के खिलाफ आरोप तय करने का निर्देश दिया था, और कोर्ट ने सभी आरोपियों को 21 नवंबर को न्यायिक हिरासत से व्यक्तिगत रूप से पेश होने का आदेश दिया था।
NTA मेडिकल प्रवेश के लिए NEET-UG परीक्षा आयोजित करता है। 3 मई को हुई परीक्षा में देशभर से करीब 22 लाख उम्मीदवार शामिल हुए थे, जिसके बाद प्रश्नपत्र लीक होने के आरोप सामने आए। इसके बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी और 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। पेपर लीक से जुड़ी कथित साजिश के मामले में 14 लोगों को आरोपी बनाया गया है।
