लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार को पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह का आयोजन हुआ, जहां प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने प्रशिक्षण केंद्रों के टॉपर्स को सम्मानित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि स्किल इंडिया से प्रशिक्षित युवा ही 2047 के विकसित और आत्मनिर्भर भारत की रीढ़ बनेंगे। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी समेत सभी अतिथियों व युवाओं का अभिनंदन किया और लखनऊ में आयोजन के लिए प्रधानमंत्री का विशेष आभार जताया।

सीएम योगी ने कहा कि 2015 में विश्व युवा कौशल दिवस पर स्किल इंडिया महाभियान की शुरुआत की गई थी, जिससे देश के युवाओं की प्रतिभा को मंच मिला। उन्होंने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश और उत्तर प्रदेश देश का सबसे युवा प्रदेश है। उन्होंने बताया कि 2017 के बाद प्रदेश में कौशल मिशन को तेजी से बढ़ाया गया, जिसके तहत उत्तर प्रदेश कौशल विकास मिशन में 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षित किया गया और सात लाख से अधिक युवाओं को कैंपस सलेक्शन से नौकरी मिली। दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल योजना के तहत आवासीय सुविधा के साथ प्रशिक्षण देकर 1.23 लाख से अधिक युवक-युवतियों को सीधे रोजगार दिलाने में मदद की गई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रोजेक्ट प्रवीण के माध्यम से 1700 से अधिक माध्यमिक विद्यालयों में 2.50 लाख से अधिक विद्यार्थी लाभ प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने 150 से अधिक आईटीआई में टाटा टेक्नोलॉजी के साथ मिलकर इमर्जिंग टेक्नोलॉजी, एआई, रोबोटिक, ड्रोन टेक्नोलॉजी, इंटरनेट ऑफ थिंग्स और थ्रीडी प्रिटिंग जैसे उद्योग की मांग के अनुरूप नए पाठ्यक्रम शुरू किए हैं, जहां 12 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवा कैंपस सलेक्शन के माध्यम से रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि 2026 में लगे रोजगार मेले में 50 हजार से अधिक प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिला, जिनमें 3400 से अधिक दिव्यांग युवा भी शामिल हैं। सरकारी और निजी क्षेत्र के वोकेशनल एजुकेशन एंड स्किल डेवलपमेंट नेटवर्क को जोड़ने के लिए सरदार वल्लभ भाई पटेल स्किलिंग व एम्प्लॉयमेंट जोन विकसित करने की कार्यवाही आगे बढ़ाई गई है, जहां एक ही छत के नीचे युवाओं की स्किलिंग के साथ उद्योग को स्किल्ड वर्कफोर्स उपलब्ध कराया जाएगा।

समारोह में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी, केंद्रीय राज्यमंत्री व भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, तथा प्रदेश सरकार के मंत्री मनोज पांडेय और कपिल देव अग्रवाल आदि मौजूद रहे।