पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक भारत दौरे पर हैं। सरकारी सूत्रों के हवाले से ट्रिब्यून की खबर के मुताबिक, पाकिस्तान उच्चायोग ने उनके दौरे के लिए पांच स्थानों पर जाने की अनुमति मांगी थी, जिनमें आगरा का ताजमहल, दिल्ली हाट, हुमायूं का मकबरा, किला राय पिथौरा और हजरत निजामुद्दीन दरगाह शामिल थे। सुरक्षा आकलन के बाद अधिकारियों ने पहले चार स्थानों पर जाने की मंजूरी दे दी, जबकि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए निजामुद्दीन दरगाह जाने का अनुरोध खारिज कर दिया गया।
मलिक 20 से 22 नवंबर तक दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला में आयोजित पहले एससीओ सभ्यताओं के संवाद मंच में पाकिस्तान के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। मई 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद दोनों देशों के बीच सैन्य टकराव के बाद भारत आने वाले वह पाकिस्तान के पहले संघीय मंत्री हैं। शुरुआत में ऐसी खबरें आई थीं कि उनकी गतिविधियां केवल बहुपक्षीय कार्यक्रम तक सीमित रहेंगी, लेकिन बाद में सुरक्षा समीक्षा के बाद उन्हें प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों पर जाने की अनुमति दी गई।
कार्यक्रम से इतर मीडिया से बातचीत में मलिक ने कहा कि यह मंच क्षेत्र के देशों को राजनीतिक और रणनीतिक मतभेदों से आगे बढ़कर संवाद करने का अवसर देता है। भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार की संभावना से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र के देशों के आपसी संबंधों में तेजी से बदलाव हो रहे हैं और उन्हें उम्मीद है कि देश राजनीति से आगे बढ़कर सामाजिक मुद्दों, गरीबी और दूसरी चिंताओं पर व्यापक नजरिया अपनाएंगे।
मलिक ने कहा कि सांस्कृतिक और सभ्यतागत आदान-प्रदान अलग-अलग देशों को मतभेदों के बावजूद एक मंच पर ला सकता है और इस तरह के संवाद के लिए मंच उपलब्ध कराने पर उन्होंने एससीओ का आभार जताया। भारत और पाकिस्तान के साझा सभ्यतागत संबंधों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि संवाद का मूल आधार विविधता को स्वीकार करना है, क्योंकि जहां एकरूपता होती है वहां संवाद की जरूरत नहीं होती।
