पुणे के शिवाजीनगर कोर्ट के बाहर बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हत्या के एक आरोपी पर कथित तौर पर छह लोगों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिसमें उसके दोनों हाथ कट गए। हमलावरों ने गोली भी चलाई। पीड़ित की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है, जो चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था।
पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने पहले मंदार का पीछा किया और फिर उस पर हमला किया। घटना का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें दो लोग उस पर बार-बार कुल्हाड़ी से वार करते दिख रहे हैं। वारदात के बाद सभी आरोपी स्कूटर से फरार हो गए। खून से लथपथ मंदार सड़क पार करता है और फिर फुटपाथ पर गिर जाता है। उसे गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस को मौके से दो पिस्टल और एक मैगजीन मिली हैं।
पुलिस के अनुसार, मंदार किवले अप्रैल 2025 में पुणे के संतोशनगर-कात्रज इलाके में शुभम सुभाष चव्हाण की हत्या के मामले में आरोपी था। यह हत्या जमीन और पैसों के विवाद में हुई थी। इस मामले में उसे जेल भेजा गया था और वह चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था। पुलिस को आशंका है कि मंदार पर हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया। हमलावरों की पहचान और वारदात की वजह का पता लगाने के लिए जांच जारी है।
पुणे के DCP (क्राइम) गौहर हसन ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 1:15 बजे फायरिंग और धारदार हथियार से हमले की सूचना मिली थी। इसके बाद कोर्ट परिसर में तैनात पुलिसकर्मी घायल को ससून अस्पताल ले गए। उन्होंने कहा कि पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर ली है और क्राइम ब्रांच तथा संबंधित पुलिस थाने की टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। हमले में करीब 4 से 5 लोग शामिल थे।
