पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच गठबंधन की रूपरेखा लगभग तय हो चुकी है। दोनों दल एक बार फिर मिलकर चुनाव लड़ेंगे, लेकिन इस बार भाजपा पिछले गठबंधनों के मुकाबले लगभग दोगुनी सीटों पर चुनाव लड़ेगी। पंजाब में अगले साल की शुरुआत में विधानसभा चुनाव होने हैं। जानकारी के मुताबिक गठबंधन की घोषणा दिसंबर के दूसरे सप्ताह में हो सकती है। भाजपा के अधिकांश उम्मीदवार शहरी और अर्ध शहरी क्षेत्रों में होंगे, जबकि लगभग एक दर्जन ग्रामीण सीटों पर भी वह चुनाव लड़ सकती है। सूत्रों के अनुसार राज्य के मौजूदा राजनीतिक हालात में दोनों दलों के नेताओं को लग रहा है कि मिलकर चुनाव लड़कर सत्ता तक पहुंचा जा सकता है। गठबंधन को लेकर कोई मतभेद नहीं है, केवल सीटों की संख्या पर अंतिम दौर की चर्चा चल रही है।
सूत्रों के मुताबिक अकाली दल भाजपा को लगभग 45 सीटें देने को तैयार है, वहीं भाजपा लगभग 55 सीटों का दावा कर रही है। करीब 10 से 12 सीटें ऐसी हैं जिन पर दोनों दलों का दावा है। भाजपा का कहना है कि बीते वर्षों में दूसरे दलों से उसके साथ आए नेताओं के प्रभाव को देखते हुए वह अकाली दल के उम्मीदवारों से बेहतर स्थिति में है, इसलिए वह जीत को आधार मानकर ज्यादा सीटों का दावा कर रही है।
बता दें कि पिछली बार गठबंधन के दौरान अकाली दल को 94 और भाजपा को 23 सीटें मिली थीं। अकाली दल ने सितंबर 2020 में तीन कृषि कानूनों के विरोध में भाजपा के साथ अपना 24 साल पुराना गठबंधन तोड़ दिया था। ये तीनों कृषि कानून अब निरस्त किए जा चुके हैं।
इससे पहले पिछले सप्ताह आम आदमी पार्टी, शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस को झटका देते हुए लुधियाना, मोगा और 33 जिलों के कई प्रमुख नेता गुरुवार को अपने समर्थकों सहित भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और पंजाब भाजपा अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया। भाजपा में शामिल होने वालों में मोगा से आप नेता और प्रवक्ता नवदीप सिंह सांघा, लुधियाना के रायकोट आत्म नगर क्षेत्र से वरिष्ठ अकाली नेता सुरिंदर सिंह चौहान और संगरूर के लहरागागा से पंजाब यूनिवर्सिटी के पूर्व एनएसयूआई अध्यक्ष हार्दिक नैन प्रमुख थे।
