रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की प्राचीन सभ्यता और भाषाई विविधता की तारीफ की है। रूसी समाचार एजेंसी स्पुतनिक को दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने कहा कि भारत की सभ्यता जितनी पुरानी है, उतनी ही दिलचस्प भी है। इसके बारे में जितना ज्यादा जानने का मौका मिलता है, उतनी ही रुचि बढ़ती जाती है।
पुतिन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हाल ही में हुई बातचीत का जिक्र करते हुए बताया कि भारत की भाषाई विविधता जानकर वह हैरान रह गए थे। उन्होंने कहा कि भारत में अलग-अलग भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं का साथ रहना अपने आप में अद्भुत है।
पुतिन ने बताया कि उन्होंने पीएम मोदी से पूछा था कि भारत में कितने लोग देश की मुख्य भाषा बोलते हैं। इस पर मोदी ने उन्हें बताया कि करीब 60 करोड़ लोग यह भाषा बोलते हैं, जबकि भारत की कुल आबादी लगभग 1.5 अरब है। यानी देश की करीब एक-तिहाई आबादी ही उस मुख्य भाषा का इस्तेमाल करती है, जबकि बाकी दो-तिहाई लोग अपनी-अपनी भाषाएं बोलते हैं। पुतिन ने कहा कि यह बात उनके लिए बेहद हैरान करने वाली थी। उन्होंने भारतीय सभ्यता को ऐसी व्यवस्था बताया जहां इतनी भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के बावजूद देश एकजुट बना हुआ है।
यह पहला मौका नहीं है जब पुतिन ने भारत की विविधता की तारीफ की है। पिछले महीने वाल्दाई डिस्कशन क्लब में बोलते हुए भी उन्होंने भारत को अलग-अलग संस्कृतियों, परंपराओं और भाषाओं के साथ रहने का बेहतरीन उदाहरण बताया था। उन्होंने कहा था कि भारत अपने विशाल आकार और विविधता के कारण दुनिया को हैरान करता है। पुतिन के मुताबिक, भारतीय संस्कृति में कुछ खास है, जो यह सिखाती है कि अलग-अलग पहचान और परंपराओं के बावजूद एकता कायम रखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि दुनिया के दूसरे देशों को भी भारत के अनुभव से सीखना चाहिए। खासकर ऐसे देशों के बीच संबंध मजबूत करने में भारत का अनुभव उपयोगी हो सकता है, जहां लोगों की संस्कृति, रीति-रिवाज और इतिहास एक-दूसरे से अलग हैं।
