भारत के राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर एक ब्रिटिश एविएशन मैगजीन की रिपोर्ट चर्चा में है। मैगजीन ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया है कि भारतीय वायुसेना के पास मौजूद राफेल विमानों की संख्या कम हो गई है। भारत ने फ्रांस से 36 राफेल विमान खरीदे थे। मैगजीन के मुताबिक, फिलहाल भारतीय वायुसेना के पास केवल 32 राफेल विमान ऑपरेशनल हैं। रिपोर्ट में इस जानकारी के स्त्रोत का जिक्र नहीं किया गया है और नीचे एक नोट लगाकर जानकारी में गलती होने पर कानूनी जिम्मेदारी से इनकार किया गया है।
ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेवा दे चुके रिटायर वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज किया है। उन्होंने कहा कि मैगजीन को अपने सोर्स की फिर से जांच करनी चाहिए। उनका कहना है कि यही मैगजीन ऑपरेशन सिंदूर के बाद अपनी रिपोर्ट में 35 सक्रिय राफेल विमानों का जिक्र कर चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि रिपोर्ट में जिस विमान के गिराए जाने का दावा किया गया, उसका टेल नंबर कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है।
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के चार राफेल विमान गिरे थे और इनके टेल नंबर बीएस-001, बीएस-021, बीएस-022 और बीएस-027 बताए गए थे। हालांकि, गणतंत्र दिवस के फ्लाईपास्ट में बीएस-022 के उड़ान भरने से यह दावा झूठा साबित हुआ। एक सोशल मीडिया अकाउंट ने दावा किया है कि मैगजीन ने अपनी रिपोर्ट के लिए पाकिस्तान समर्थक पत्रकार एलन वॉर्न्स की रिपोर्टिंग का सहारा लिया है। वॉर्न्स पर यह भी आरोप लगाया जाता है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने प्रोपोगेंडा फैलाने के लिए उन्हें भुगतान किया था।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान लगातार भारतीय विमानों को गिराने का दावा करता रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी ऐसे दावे करते रहे हैं। इससे पहले पाकिस्तान ने भारतीय महिला पायलट शिवांगी सिंह के जेट को गिराने और उन्हें बंदी बनाने का दावा किया था, जो उनके राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू के साथ फोटो सामने आने पर झूठा साबित हुआ। इसी तरह एस-400 को मार गिराने के दावे के बीच पीएम मोदी ने एस-400 के सामने की तस्वीरें साझा की थीं। विशेषज्ञों के मुताबिक, भारतीय वायुसेना ने डिकॉय प्लेन्स का इस्तेमाल किया था।
