कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने अमेरिका के शिकागो विश्वविद्यालय में चुनाव में धांधली के आरोपों पर जवाब देते हुए दावा किया कि भारत निर्वाचन आयोग के अंदर से ही उन्हें जानकारियां मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि कई चुनाव अधिकारी इस संबंध में सामने आ रहे हैं, हालांकि उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया। उन्होंने यह भी कहा कि आयोग के वरिष्ठ अधिकारी कह रहे हैं कि अब वे यह और नहीं कर पाएंगे।

राहुल गांधी ने कहा, "देखिए मैं अब खुलकर बात करता हूं। चुनाव आयोग खुद ही हमें जानकारियां दे रहा है अंदर से। तो अब बस कुछ समय की ही बात है कि ये सिस्टम कब खत्म होगा।" गौरतलब है कि विपक्षी दल लगातार मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर निशाना साध रहे हैं। इससे पहले अक्टूबर में भी राहुल गांधी ने ज्ञानेश कुमार के मैसेज आने का दावा किया था और कहा था कि वे प्रेस कॉन्फ्रेंस देख रहे हैं।

पूछे जाने पर कि वे सीईसी से क्या चाहते हैं, राहुल गांधी ने कहा था कि वे गवाह बन जाएं। उन्होंने कहा था कि सीईसी ने गलती की है और उन पर प्रधानमंत्री, अमित शाह, डोभाल और अडानी का दबाव है। उन्होंने कहा था कि इस्तीफा देकर वे इस चक्कर से बाहर हो सकते हैं।

चुनाव बहिष्कार के सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि भारतीय लोकतंत्र पवित्र है और बिना ठोस सबूत के उसमें समस्या कहना मुश्किल है। उन्होंने कहा कि अगर विपक्ष चुनाव नहीं लड़ेगा तो भारतीय लोकतंत्र खत्म हो जाएगा, इसलिए उनकी रणनीति यह है कि जो हो रहा है उसे सबके सामने लाया जाए।