पॉडकास्टर राज शामानी यूट्यूब पर दुनिया के सबसे ज्यादा सब्सक्राइब किए जाने वाले पॉडकास्टर बन गए हैं। उनके चैनल फिगरिंग आउट ने 2.2 करोड़ सब्सक्राइबर का आंकड़ा पार कर अमेरिका के कई बड़े पॉडकास्टरों को पीछे छोड़ दिया है। भारत में स्पॉटीफाई की टॉप-100 पॉडकास्ट सूची में भी राज शामानी पहले स्थान पर हैं।
इस सूची में एक चौंकाने वाला रुझान सामने आया है। श्रोताओं की पहली पसंद हॉरर स्टोरीज बन रही हैं और टॉप-100 में कम से कम 16 हॉरर शोज जगह बना चुके हैं। वहीं एपल पॉडकास्ट की सूची में पहले नंबर पर 'द स्टोरी ऑफ महाभारत', दूसरे पर 'फिगरिंग आउट', तीसरे पर 'ग्लोबल न्यूज पॉडकास्ट', चौथे पर 'द डेली ब्रीफ' और पांचवें पर 'फिनशॉट्स डेली' शामिल है।
सूची से यह भी पता चलता है कि श्रोता जाने-माने चेहरों से ज्यादा विषय को महत्व दे रहे हैं। रामायण और महाभारत जैसे महाकाव्यों पर आधारित कई शोज टॉप-100 में हैं। इनके अलावा राज शामानी के साथ अक्षय हॉरर पॉडकास्ट और अमान पारकर के नाम भी सूची में दर्ज हैं।
टॉप-100 की इस सूची में हॉरर और पौराणिक कहानियों का दबदबा है, लेकिन बिजनेस और फाइनेंस से जुड़े शोज भी पीछे नहीं हैं। सूची में बिजनेस से जुड़े 15, खबरों से जुड़े 22 और तकनीक की जानकारी देने वाले 8 पॉडकास्ट शामिल हैं।
