तिगरी गंगा धाम (अमरोहा) में सोमवार को कार्तिक चतुर्दशी के अवसर पर दिवंगत स्वजनों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान किया जाएगा। स्थानीय पंडित गंगासरन शर्मा के अनुसार यह प्राचीन धार्मिक परंपरा महाभारत काल से चली आ रही है, जिसका निर्वहन श्रद्धालु पूरी श्रद्धा के साथ करते हैं। रविवार को कारीगर दिनभर दीपदान में प्रयोग होने वाली कंडी तैयार करने में जुटे रहे।
सोमवार को घाटों पर पुरोहितों की व्यवस्था रहेगी और श्रद्धालु उनके सानिध्य में विधि-विधान से दीपदान करेंगे। सुरक्षा के लिए घाटों पर पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और नदी में किसी अनहोनी से बचाव के लिए गोताखोर भी मुस्तैद रहेंगे। इस बार कार्तिक पूर्णिमा का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा, जिससे एक दिन पूर्व चतुर्दशी पर दीपदान की परंपरा निभाई जाएगी।
कार्तिक चतुर्दशी और पूर्णिमा पर दान-पुण्य का विशेष महत्व माना जाता है। मान्यता है कि इन तिथियों पर दान करने से परिवार में सुख-समृद्धि आती है और मन को आध्यात्मिक शांति मिलती है। तिगरी मेले में कार्तिक पूर्णिमा का गंगा स्नान सबसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन है, जहां भोर होते ही श्रद्धालु गंगा में आस्था की डुबकी लगाते हैं और घाटों पर गंगा आरती तथा धार्मिक अनुष्ठानों के बीच वातावरण भक्तिमय हो जाता है।
मेले में ग्रामीण संस्कृति की झलक भी देखने को मिलती है। आधुनिक सुविधाओं और बदलते स्वरूप के बावजूद मेले की पारंपरिक पहचान कायम है। तिगरी का यह आयोजन बताता है कि यहां आने वाले श्रद्धालुओं के लिए गंगा स्नान केवल एक धार्मिक क्रिया नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही आस्था, पारिवारिक परंपरा और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ने का अवसर है।
