बागेश्वर धाम के पीठाधीश धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के श्रीकृष्ण पर दिए गए बयान का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब योगगुरु बाबा रामदेव भी इस मामले में उतर आए हैं। एक कार्यक्रम के दौरान उन्होंने बाबा बागेश्वर को पाखंडी और धूर्त बताया और उनका मजाक भी बनाया। रामदेव ने कहा कि इन कथावाचकों ने न वेद पढ़े हैं और न महाभारत। उन्होंने आरोप लगाया कि ये लोग कहते हैं कि राम महान हैं और कृष्ण टेढ़े-मेढ़े हैं।
रामदेव ने कहा, 'कुछ लोग न वेद पढ़ें हैं और न दर्शन उपनिषद पढ़े। न रामायण पढ़ी न महाभारत। न संविधान को जानते हैं और न लोकतंत्र को जानते हैं। बस खड़े होकर कुछ न कुछ बकवास करते रहते हैं। वे कहते हैं कि हम सनातन को बचाएंगे। हम हिंदू धर्म को बचाएंगे। पाखंडी कहीं के धूर्त।' उन्होंने देवी-देवताओं की हंसी उड़ाना भी गलत बताया।
रामदेव ने आगे कहा कि धर्म के नाम पर भूत-प्रेत बाधा के नाम पर लोगों को ठगने वाले ढोंगी कथाकार हैं। उन्होंने कहा कि जो देवी-देवताओं में तुलना करके राम को महान और कृष्ण को टेढ़ा बताते हैं, उन्हें पहले माफी मांगनी चाहिए। रामदेव ने कहा कि हर चीज की एक मर्यादा और प्रोटोकॉल है, हंसी-मजाक में भी अवतारी शक्तियों का अपमान नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि पहले समझाया जाता है और न समझें तो मंच से बोलना पड़ता है।
दरअसल, एक कथा के दौरान धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान राम और श्रीकृष्ण के बीच तुलना की थी और कहा था कि तुम्हारे कृष्ण तो टेढ़े-मेढ़े हैं जबकि हमारे राम सीधे हैं। इस बयान पर अखिलेश यादव समेत कई नेताओं ने आपत्ति जताई थी। इसके बाद कुंडा में बाबा बागेश्वर की रामकथा हुई, जिसके आयोजक राजा भैया थे। कथा के बाद शास्त्री वृंदावन पहुंचे और अखिलेश यादव से कहा कि अगर वह कृष्ण भक्त हैं तो मथुरा-वृंदावन आएं।
