केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने बिना नाम लिए राहुल गांधी पर तंज कसते हुए सवाल उठाया है कि जब कोई विदेशी भारत का अपमान करता है तो कौन हंसता है। यह बयान इटली के नेता जियाकोमो फिलिबेक के हैदराबाद में भारत समिट में दिए गए भाषण के एक वायरल वीडियो के बाद आया है, जिसमें कांग्रेस का ‘वोट चोर, गद्दी छोड़’ नारा लगाया गया था और राहुल गांधी तालियां बजाते नजर आ रहे हैं। फिलिबेक यूरोपियन सोशलिस्ट पार्टी (PES) के महासचिव हैं और उन्होंने अपने भाषण में राहुल गांधी की तारीफ की तथा वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के खिलाफ उनके अभियान का समर्थन किया।
भाजपा नेता सुधांशु त्रिवेदी ने सवाल किया कि कांग्रेस ऐसे लोगों को अपने राजनीतिक मंच पर जगह क्यों दे रही है, जिनके तार जॉर्ज सोरोस समर्थित ‘ओपन सोसायटी’ नेटवर्क और एमनेस्टी इंटरनेशनल से जुड़े हैं। उन्होंने इक्वाडोर के पूर्व मंत्री गुइलेर्मो लांग और एमनेस्टी के पूर्व महासचिव सलिल शेट्टी जैसे विवादित व्यक्तियों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि इन पर अतीत में कश्मीर और भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं के खिलाफ बयान देने के गंभीर आरोप हैं।
भाजपा नेता सीआर केसवन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रायोजित भारत समिट में राहुल गांधी और उनके सहयोगियों ने देश और लोकतंत्र के खिलाफ अपमानजनक बातें कहीं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कार्यक्रम में शामिल कुछ विदेशी प्रतिनिधियों की विश्वसनीयता संदिग्ध है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंदी संजय कुमार ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने विदेशी प्रतिनिधियों के सामने देश के आंतरिक राजनीतिक मुद्दे उठाकर भारत का अपमान किया है। उन्होंने मतदाता सूची से 14 करोड़ वोट हटाए जाने संबंधी राहुल गांधी के आरोपों का जवाब देते हुए कहा कि मृत व्यक्तियों, दोहरे मतदाताओं और स्थायी रूप से दूसरी जगह जा चुके लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाना जरूरी है।
हैदराबाद के नोवोटेल होटल में हुए इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने भी भाषण दिया। उन्होंने कहा कि 2014 में हमने एक बिल्कुल नया चुनाव देखा, जो पहले कभी नहीं देखा था। राजनीतिक व्यवस्था में भारी मात्रा में पैसा झोंक दिया गया और चुनावी व्यवस्था अचानक पूरी तरह बदल गई। उन्होंने कहा कि विपक्ष सदमे में था। राहुल गांधी ने कहा कि हम केवल वर्तमान से नहीं, बल्कि वर्तमान, भूतकाल और भविष्य के लिए लड़ रहे हैं। हमारा इतिहास महात्मा गांधी से शुरू हुआ था और हमारे दो हथियार सत्य और अहिंसा हैं। हमने देखा है कि हिंसा काम नहीं करती, दया काम करती है और लोगों को समझाना काम करता है।
