लोकसभा में एनडीए की ताकत शिरोमणि अकाली दल के आने से बढ़ गई है। हालांकि, निचले सदन में पार्टी के पास एक ही सांसद है। साल 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद सहयोगी दलों की वापसी के चलते एनडीए की ताकत 42 सांसदों से बढ़ गई है। इनमें शिअद के अलावा शिवसेना, जनता दल यूनाइटेड और तेलुगु देशम पार्टी भी शामिल हैं।

साल 2018 में टीडीपी, 2019 में तब अविभाजित शिवसेना और 2020 में शिरोमणि अकाली दल ने एनडीए का साथ छोड़ दिया था। नीतीश कुमार की जदयू का एनडीए में आना-जाना चलता रहा और 2024 में पार्टी वापस लौट आई। 2024 के चुनाव में शिअद को छोड़कर ये सभी दल एनडीए के साथ थे। असम गण परिषद और AIADMK जैसे दलों ने भी गठबंधन से अलग होने के बाद वापसी की है।

2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा 240 सीटों पर जीत के साथ सबसे बड़ा दल बनकर उभरी थी, लेकिन 2014 और 2019 की तरह बहुमत हासिल नहीं कर सकी थी। ऐसे में 16 सांसदों वाली टीडीपी, 12 सदस्यों वाली जदयू और शिवसेना समेत कई दलों की मदद से गठबंधन की सरकार बनी और आंकड़ा बहुमत के आंकड़े को पार कर गया था। 2024 चुनाव में शिवसेना ने 7 सीटों पर जीत हासिल की थी, जिसके बाद जून 2026 में पार्टी को 6 और सांसदों का समर्थन मिला और आंकड़ा 13 पर पहुंच गया था।

2026 में भाजपा को पंजाब में शिअद का दोबारा साथ मिला और केंद्र में भी एक सांसद वाली पार्टी ने एनडीए का संख्या बल बढ़ा दिया। 2020 में तीन कृषि कानूनों को लेकर हुए तनाव के बाद सबसे पुराने सहयोगी दल माने जाने वाले SAD ने एनडीए छोड़ने का ऐलान कर दिया था। अब मंगलवार को दोनों दल 6 सालों के बाद एक साथ आ गए हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कहा था कि भाजपा के सबसे पुराने सहयोगी शिरोमणि अकाली दल की राजग में वापसी हुई है और हम दिल से उनका स्वागत करते हैं।