सारण जिले के पानापुर थाना क्षेत्र के धनौती गांव में धान का बोझा ढोने के भाड़े को लेकर हुए विवाद में एक किसान की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान गांव निवासी 55 वर्षीय तेरस राम के रूप में हुई है। बुधवार की देर रात सदर अस्पताल छपरा में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव और आक्रोश का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, तेरस राम ने गांव के ही कामेश्वर सिंह के यहां धान का बोझा ढोने का काम किया था। काम पूरा होने के बाद भाड़े के भुगतान को लेकर देर शाम दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो विवाद में बदल गई। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया।
बताया जाता है कि कुछ देर बाद विवाद फिर गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि ट्रैक्टर चालक ने फोन कर अपने स्वजन और सहयोगियों को मौके पर बुला लिया और उनके पहुंचते ही तेरस राम पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। हमले में किसान गंभीर रूप से जख्मी होकर बेहोश हो गए। आरोपित जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से फरार हो गए।
घटना की जानकारी मिलने पर स्वजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल तेरस राम को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पानापुर ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल छपरा रेफर कर दिया गया। देर रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। मौत की खबर से घर में चीख-पुकार मच गई है। पत्नी कुंती देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। भाड़े के मामूली विवाद में किसान की जान जाने से ग्रामीणों में आक्रोश है और गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है।
