मुंबई में गुरुवार को शिवसेना (यूबीटी) के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिवसेना नेता शाइना एनसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन पर एक कार्यक्रम के दौरान दिवंगत बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने का आरोप है। दादर स्थित सेना भवन के बाहर सैकड़ों प्रदर्शकारी जुटे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने शाइना एनसी के खिलाफ नारेबाजी की और उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। एक अधिकारी के अनुसार प्रदर्शन के दौरान शिवसेना (यूबीटी) के कई समर्थकों को हिरासत में लिया गया।

विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई, जब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें शाइना एनसी समेत पार्टी के नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' की प्रतियां फाड़ी थीं। इस दौरान शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर वाला एक कागज भी फट गया। कॉन्फ्रेंस में शाइना एनसी के अलावा संजय निरुपम, शीतल म्हात्रे, आनंद दुबे और अन्य नेता मौजूद थे।

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने बचाव में कहा कि कांग्रेस ने बार-बार वीर सावरकर के खिलाफ अभियान चलाया है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी की किताब से उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन सावरकर को नीचा दिखाने के लिए किताब का इस्तेमाल करना अनावश्यक था, इसीलिए वह पन्ना फाड़ा गया। उन्होंने मांग की कि महाराष्ट्र में इस किताब पर प्रतिबंध लगाया जाए या कम से कम इसका वितरण रोका जाए, जब तक प्रकाशक हार्पर कॉलिन्स सावरकर का अपमान करने वाले पन्ने नहीं हटाता। शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की उन टिप्पणियों का विरोध किया, जिनमें किताब में कहा गया है कि सावरकर ने अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं दायर की थीं और आरएसएस सदस्यों ने मुखबिर के रूप में ब्रिटिश अधिकारियों से मिलीभगत की थी।

इस बीच शाइना एनसी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपना बचाव किया। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी, न कि बाल ठाकरे की। घटना के बाद शिवसेना (यूबीटी), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और कांग्रेस ने शाइना एनसी के खिलाफ प्रदर्शन किया।