मुंबई में गुरुवार को शिवसेना (यूबीटी) के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने शिवसेना नेता शाइना एनसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन पर एक कार्यक्रम के दौरान दिवंगत बाल ठाकरे की तस्वीर फाड़ने का आरोप है। प्रदर्शन के बाद कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया गया। दादर स्थित शिवसेना (यूबीटी) के मुख्यालय सेना भवन के बाहर सैकड़ों प्रदर्शनकारी जुटे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। प्रदर्शनकारियों ने शाइना एनसी के खिलाफ नारेबाजी की और उनके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए परिसर के बाहर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था। एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन के दौरान शिवसेना (यूबीटी) के कई समर्थकों को हिरासत में लिया गया।

विवाद की शुरुआत बुधवार को हुई, जब एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित की। इसमें शाइना एनसी समेत पार्टी के नेताओं ने सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव' की प्रतियां फाड़ी थीं। इस दौरान उन्होंने शिवसेना के संस्थापक बाल ठाकरे की तस्वीर वाला एक कागज फाड़ दिया था। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में शाइना एनसी के अलावा शिवसेना नेता संजय निरुपम, शीतल म्हात्रे, आनंद दुबे और अन्य नेता भी मौजूद थे।

शिवसेना नेता संजय निरुपम ने इस पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने बार-बार वीर सावरकर के खिलाफ एक घटिया अभियान चलाया है, जिससे पूरा महाराष्ट्र राज्य नाराज और असंतुष्ट है। उन्होंने कहा कि हमें सोनिया गांधी की किताब से कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन उन्होंने अपनी आत्मकथा का इस्तेमाल जिस तरह से सावरकर पर हमला करने और उन्हें नीचा दिखाने के लिए किया है, वह पूरी तरह से अनावश्यक था। इसीलिए हमने वह खास पन्ना फाड़ दिया। यह एक प्रतीकात्मक कदम था। उन्होंने मांग की कि महाराष्ट्र में इस किताब पर प्रतिबंध लगाया जाए या कम से कम इसके वितरण को रोक दिया जाए, जब तक कि प्रकाशक, हार्पर कॉलिन्स, उन दो पन्नों को हटा नहीं देते जिनमें सावरकर का अपमान किया गया है।

शिवसेना नेताओं ने सोनिया गांधी की उन टिप्पणियों का विरोध किया, जिनमें उन्होंने अपनी किताब में कहा है कि हिंदुत्व विचारक वी डी सावरकर ने अंग्रेजों के सामने दया याचिकाएं दायर की थीं और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सदस्यों ने मुखबिर के रूप में ब्रिटिश अधिकारियों के साथ मिलीभगत की थी। इसके विरोध में शिवसेना नेताओं ने किताब के पन्ने फाड़े, जिनमें उद्धव ठाकरे समेत शिवसेना (यूबीटी) के नेताओं की तस्वीरें भी थीं। हालांकि, इसी दौरान शाइना एनसी ने गलती से उस कागज को फाड़ दिया, जिस पर बाल ठाकरे की तस्वीर छपी थी। तस्वीर में बाल ठाकरे कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री मणिशंकर अय्यर के पुतले को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहे थे। जब किसी ने शाइना को उनकी गलती के बारे में बताया तो वह चौंक गईं और उन्हें 'सॉरी' कहते हुए आधा फटा हुआ कागज मेज पर रखते हुए देखा गया।

इस घटना के बाद विपक्षी शिवसेना (यूबीटी), महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) और कांग्रेस ने शाइना एनसी के खिलाफ प्रदर्शन किया। बाद में शाइना ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर अपना बचाव किया और दावा किया कि उन्होंने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर की तस्वीर फाड़ी थी, न कि बाल ठाकरे की।