सीजेपी नेता सौरभ दास के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी हो गया है। केंद्र सरकार ने गुरुवार को दिल्ली हाई कोर्ट को इसकी जानकारी दी। सरकार की ओर से अदालत में पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल ऑफ इंडिया चेतन शर्मा ने कहा कि पासपोर्ट में विसंगतियों के चलते दास की भारतीय नागरिकता पर भी असर पड़ सकता है। हालांकि, दास के वकीलों ने कहा है कि उन्हें लुकआउट नोटिस की कोई जानकारी नहीं है। अदालत ने सरकार से दास की याचिका पर जवाब मांगा है।
इससे पहले बुधवार को दास को शोकॉज नोटिस जारी किया गया था, जिसमें पासपोर्ट में जन्मस्थान से जुड़ी विसंगतियों पर जवाब मांगा गया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल के मुताबिक, पासपोर्ट आवेदन में आवेदक को सही जानकारी देने की घोषणा करनी होती है और विसंगति मिलने पर कारण बताओ नोटिस जारी किया जाता है। उन्होंने बताया कि कानून एजेंसियों की रिपोर्ट के आधार पर चेन्नई स्थित क्षेत्रीय पासपोर्ट कार्यालय ने 23 नवंबर को दास को यह नोटिस जारी किया था, जिसमें जन्मस्थान के संबंध में सात दिन के भीतर स्पष्टीकरण देने को कहा गया है।
दास को एयरपोर्ट पर रोके जाने के बाद उन्होंने हाई कोर्ट का रुख किया था। उनका कहना था कि उन्हें ऑक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बुलाया गया था, लेकिन यात्रा से ठीक पहले इमीग्रेशन काउंटर पर उन्हें रोक दिया गया। दास के वकील ने अदालत को बताया कि मुवक्किल को कोई आदेश नहीं दिखाया गया और न ही कोई लुकआउट सर्कुलर था। वकील ने कहा कि वह अब भी 27 नवंबर को ब्रिटेन पहुंच सकते हैं, जहां उनके ठहरने की व्यवस्था है।
सीजेपी प्रमुख अभिजीत दीपके ने सवाल उठाए हैं कि इससे पहले भी दास दो देशों की यात्रा कर चुके हैं, लेकिन तब कोई सवाल नहीं उठा। उन्होंने आरोप लगाया कि सात साल पहले इसी सरकार ने पासपोर्ट जारी किया था, तब गड़बड़ियां क्यों नहीं मिलीं। उनका कहना है कि सीजेपी के गठन और दास के पार्टी का मुख्य चेहरा बनने के बाद यह कार्रवाई की जा रही है। खबरों के मुताबिक, पासपोर्ट चेन्नई स्थित क्षेत्रीय कार्यालय से जारी किया गया था।
