सुप्रीम कोर्ट ने ज्यादा चीनी, नमक और सैचुरेटेड फैट वाले पैकेज्ड फूड प्रोडक्ट्स पर चेतावनी लेबल लगाने का आदेश दिया है। पैकेट के फ्रंट पर लाल रंग के षटकोण के साथ चेतावनी लिखी होगी। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की बेंच ने गुरुवार को सुनवाई में यह फैसला सुनाया। FSSAI ने इसी साल अगस्त में यह प्रस्ताव पेश किया था।
दरअसल, 3S एंड अवर हेल्थ सोसाइटी नाम के एक पब्लिक चैरिटेबल ट्रस्ट ने सुप्रीम कोर्ट में जनहित याचिका लगाकर डिब्बा बंद या पैकेट वाले खाने पर अनिवार्य वार्निंग लेबल लगाने की मांग की थी। इस मामले में बेंच ने पूछा था कि क्या सरकार नहीं चाहती कि उसके लोग स्वस्थ रहें? इसके बाद FSSAI ने हलफनामा देकर यह प्रस्ताव पेश किया।
FSSAI ने इसे दो चरणों में लागू करने का प्रस्ताव दिया था, ताकि इंडस्ट्री को अपने प्रोडक्ट्स सुधारने का मौका मिल सके। पहले चरण में उन प्रोडक्ट्स पर लाल लेबल लगेगा, जिनमें फैट, शुगर या साल्ट में से कोई भी दो या दो से अधिक चीजें तय सीमा से ज्यादा होंगी। इसमें सभी अधिक मीठी कोल्ड ड्रिंक्स भी शामिल होंगी। दूसरे चरण में यह नियम उन प्रोडक्ट्स पर भी लागू होगा, जिनमें इनमें से कोई एक चीज भी ज्यादा मात्रा में होगी।
कोई भी फूड प्रोडक्ट हाई फैट, हाई शुगर या हाई साल्ट (HFSS) की श्रेणी में आता है या नहीं, इसका फैसला ICMR-नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूट्रिशन (ICMR-NIN) द्वारा जारी 'डायट्री गाइडलाइंस फॉर इंडियंस, 2024' के मानकों के आधार पर किया जाएगा। प्रस्ताव के मुताबिक, सिंगल-इंग्रीडिएंट प्रोडक्ट्स और प्राकृतिक रूप से फैट, शुगर या नमक से भरपूर पदार्थों को इस लेबल से छूट मिलेगी। उदाहरण के तौर पर शुद्ध घी, खाद्य तेल, साधारण नमक, चीनी, गुड़ और शहद को फ्रंट-ऑफ-पैक वार्निंग से बाहर रखा जाएगा।
