सुप्रीम कोर्ट ने पूर्व सांसद आनंद मोहन को बड़ा झटका दिया है। कोर्ट ने बिहार सरकार के 2023 के उस फैसले को रद्द कर दिया है, जिसके तहत उन्हें सजा में छूट देकर रिहा किया गया था। यह मामला 1994 में गोपालगंज के तत्कालीन जिलाधिकारी जी कृष्णैया की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या से जुड़ा है। कोर्ट ने आनंद मोहन को एक महीने के भीतर आत्मसमर्पण करने का आदेश दिया है।

न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति शील नागू की पीठ ने यह फैसला आईएएस अधिकारी जी कृष्णैया की पत्नी उमा कृष्णैया की याचिका पर सुनाया। पीठ ने पाया कि बिहार सरकार ने 2023 में सजा में छूट देने की नीति में बदलाव किया था, जिसके तहत सरकारी कर्मचारियों की हत्या के मामले में उम्रकैद की सजा पाए लोगों को भी सजा में छूट मांगने की अनुमति दे दी गई थी। कोर्ट ने इस बदलाव को असांविधानिक करार दिया। कोर्ट ने कहा कि यह बिना किसी स्पष्ट उद्देश्य या नेक इरादे को दिखाए अचानक किया गया बदलाव था और राज्य सरकार किसी तर्कसंगत और वैध सार्वजनिक उद्देश्य को साबित करने में विफल रही। इसी आधार पर कोर्ट ने इसे संविधान के अनुच्छेद 14 और 21 का उल्लंघन बताया।

जी कृष्णैया की हत्या उस समय हुई थी, जब आनंद मोहन के नेतृत्व वाली भीड़ ने उन पर हमला किया था। इस मामले में आनंद मोहन को उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। बिहार सरकार की ओर से सजा में छूट मिलने के बाद वह 24 अप्रैल, 2023 को जेल से बाहर आ गए थे। तब तक वह 14 साल की सजा काट चुके थे। बिहार गृह विभाग (कारागार) की ओर से 10 अप्रैल, 2023 को जारी परिपत्र को उमा कृष्णैया ने चुनौती दी थी, जिसमें बिहार जेल नियमावली, 2012 के नियम 481(1)(ए) में बदलाव किया गया था।

हालांकि, कोर्ट ने यह भी कहा कि राज्य सरकार नए सिरे से सजा में छूट देने की प्रक्रिया शुरू कर सकती है। इसके लिए मारे गए अधिकारी की पत्नी और याचिकाकर्ता को अपना पक्ष रखने का मौका देना होगा। पीठ ने कहा कि सजा में छूट देने का फैसला लेने से पहले पीड़ित को अपना पक्ष रखने का मौका मिलना चाहिए, हालांकि पीड़ित की आपत्ति को अंतिम फैसला रोकने का अधिकार नहीं माना जा सकता। फैसले की शुरुआत में न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता ने अमेरिका के 26वें राष्ट्रपति थियोडोर रूजवेल्ट के एक कथन का हवाला दिया। याचिकाकर्ता ने राज्य सरकार के फैसले को बाहरी कारणों से प्रभावित बताया था और कहा था कि सरकार ने फैसला लेते समय जरूरी बातों पर ध्यान नहीं दिया।