अलीगढ़ मुख्यालय से लगभग 17 किलोमीटर दूर पनैठी-जलाली मार्ग पर स्थित शेखाझील में साइबेरिया और उत्तरी अमेरिका समेत विभिन्न देशों से प्रवासी पक्षियों का आना शुरू हो गया है। 22 अक्टूबर से यहां विदेशी पक्षियों का आगमन शुरू होता है और नवंबर के मध्य तक उत्तरी अमेरिका की शावलर तथा मध्य एशिया की ब्राह्मणी डक का कलरव बढ़ गया है। इन पक्षियों को देखने के लिए पिछले एक महीने में सात हजार से अधिक पक्षी प्रेमी यहां आ चुके हैं।
शेखाझील में कॉमन पोचार्ड, काम्ब डक और गार्गिन जैसे पक्षी पर्यटकों को आकर्षित कर रहे हैं। साइबेरिया से आने वाली गार्गिन चिड़िया और ग्रेलेग गूस (राजहंस) का जोड़ा भी पक्षी प्रेमियों के आकर्षण का केंद्र है। सबसे छोटी चिड़िया कामनटील के दिसंबर में आने की संभावना है। ठंड के सीजन में यहां 200 से अधिक प्रजातियों के पक्षी प्रवास करने आते हैं। दिसंबर तक लगभग 16 हजार प्रवासी पक्षियों का बसेरा हो जाता है, जो जनवरी तक बढ़कर 22 से 23 हजार तक पहुंच जाता है।
शेखाझील पर स्पाट विल, डार्टर, स्नेग बर्ड, कार्बोनेट और इंडियन सेक समेत कई देशी पक्षियों का कलरव भी तेज हो गया है। यहां चार से छह जोड़े इंडियन क्रेन (सारस) भी हैं, जो अपने प्रवासी साथियों का इंतजार कर रहे हैं। दिसंबर के अंत तक पिनटेल और रेड क्रेस्टेड पोचर्ड पक्षियों की अन्य प्रजातियां भी आ जाएंगी। पक्षी प्रेमी पूर्व में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड, कनाडा के अलावा दिल्ली, उत्तराखंड, मेरठ, बुलंदशहर और वाराणसी तक से यहां आ चुके हैं।
शेखाझील 1852 में अस्तित्व में आई, जब यहां अपर गंग नहर का निर्माण हुआ। 1977 में पक्षी विज्ञानी डॉ. सालिम अली ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (एएमयू) में आने के दौरान इस झील की पहचान कराई। नौ वर्ष पूर्व इसे पक्षी विहार घोषित किया गया था और इस वर्ष रामसर साइट में शामिल होने से इसे अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। शेखाझील 60 हेक्टेयर क्षेत्र में फैला विशाल जलमग्न क्षेत्र है। वन क्षेत्राधिकारी गौरव कुमार सिंह के अनुसार, इस वर्ष झील के पानी और सूखे स्थान की विशेष सफाई व सुंदरीकरण कराया गया है।
