हिमाचल प्रदेश कांग्रेस ने शिमला में संविधान रक्षा मार्च निकाला। चौड़ा मैदान में पार्टी नेता और कार्यकर्ता सुबह ही जुट गए थे। चौड़ा मैदान से रिज मैदान तक पदयात्रा निकाली गई। यह मार्च संविधान निर्माता डॉ. भीम राव आंबेडकर की प्रतिमा से शुरू होकर रिज मैदान पर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की मूर्ति तक पहुंचा। रिज पर संविधान की प्रस्तावना पढ़कर रक्षा की शपथ ली गई।

मार्च के जरिए कांग्रेस ने लोकतांत्रिक अधिकारों के कथित हनन और वोट चोरी के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरा। पार्टी नेताओं ने केंद्र सरकार पर लोकतांत्रिक अधिकारों के हनन का आरोप लगाया। कार्यक्रम में डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री, प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल, प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार और प्रतिभा सिंह सहित कांग्रेस के कई दिग्गज शामिल हुए। कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और अन्य नेताओं ने भी मार्च में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू और कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका वाड्रा इस मार्च में शामिल नहीं हुए। रिपोर्ट के अनुसार सीएम को वायरल फीवर है, जिसके चलते उन्होंने अपने दो दिन के कार्यक्रम भी स्थगित कर दिए थे। प्रियंका वाड्रा के मार्च में शामिल होने की संभावना थी, लेकिन वह नहीं पहुंचीं।

मार्च के दौरान रजनी पाटिल ने कहा कि गांधी के हत्यारे की विचारधारा वाले लोग संविधान के रक्षक नहीं हो सकते।