नितेश तिवारी की 'रामायण' में सीता के किरदार को लेकर चर्चा के बीच 78 साल पुराना एक विवाद फिर सुर्खियों में है। साल 1948 में आई फिल्म 'रामबाण' में सीता की भूमिका निभाने वाली एक्ट्रेस शोभना समर्थ की उस वक्त आलोचना हुई थी। शोभना समर्थ काजोल की नानी थीं और उन्हें काजोल एक बार 'ओजी सीता' कह चुकी हैं।

शोभना समर्थ ने 1942 में 'भरत मिलाप' और 1943 में 'राम राज्य' में सीता का किरदार निभाया था, जिसे दर्शकों ने काफी पसंद किया और उनकी पहचान सीता के रूप में बन गई। इसके बाद 'रामबाण' में उन्हें फिर सीता का रोल मिला। उस फिल्म की शूटिंग के दौरान शोभना आठ महीने की गर्भवती थीं।

फिल्म मैगजीन 'फिल्म इंडिया' के एडिटर बाबूराव पटेल ने अपने लेख में गर्भावस्था में यह किरदार निभाने पर आपत्ति जताई थी और इसे लोगों की धार्मिक भावनाओं के खिलाफ बताया था। उन्होंने एक्ट्रेस की उम्र और शारीरिक बनावट पर भी सवाल उठाए थे और अपने रिव्यू में लिखा था कि यह एक बीमार और अपवित्र तमाशा बन जाता है। पटेल ने दर्शकों से फिल्म का बहिष्कार करने की अपील भी की थी।

इस विवाद की खास बात यह रही कि शोभना को इस रोल में पहले सफलता मिल चुकी थी। 'राम राज्य' के बारे में यह भी कहा जाता है कि महात्मा गांधी ने अपने जीवन में यही फिल्म देखी थी। शोभना समर्थ की बेटियां तनुजा और नूतन थीं, जबकि काजोल और तनीषा तनुजा की बेटियां हैं।