जोधपुर निवासी गजेन्द्र कुमार की ओर से राजस्थान राज्य उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग की सर्किट बेंच, जोधपुर में दायर पुनरीक्षण याचिका पर सुनवाई करते हुए आयोग ने बॉलीवुड एक्टर सलमान खान और राजश्री पान मसाला को नोटिस जारी किए हैं। याचिकाकर्ता के वकील रामनिवास चौधरी ने बताया कि मामले में अगली सुनवाई 19 जनवरी 2027 को तय की गई है। मामले में मुख्य विवाद उत्पाद के विज्ञापन में किए जाने वाले दावों और सेलिब्रिटी एंडोर्समेंट को लेकर है।

याचिकाकर्ता का आरोप है कि सलमान खान राजश्री पान मसाला के ब्रांड एंबेसडर के तौर पर विज्ञापनों में दिखाई देते हैं, जहां उत्पाद को केसर और इलायची जैसे प्रीमियम तत्वों से युक्त बताकर पेश किया जाता है। याचिका में सवाल उठाया गया है कि बाजार में 5 से 10 रुपए में मिलने वाले पाउच में लगभग चार लाख रुपए प्रति किलोग्राम कीमत वाला केसर कैसे डाला जा सकता है। याचिकाकर्ता का तर्क है कि ऐसे दावों से आम लोगों और खासकर युवाओं के बीच उत्पाद को लेकर भ्रामक छवि बनती है। याचिका में पान मसाला के सेवन से जुड़े स्वास्थ्य जोखिमों का भी उल्लेख किया गया है।

याचिकाकर्ता के अनुसार, सेहत के लिए हानिकारक माने जाने वाले प्रोडक्ट का सलमान खान द्वारा प्रचार किया जाना युवाओं को गलत दिशा में प्रेरित कर सकता है। याचिका में इस पूरे प्रचार को उपभोक्ता संरक्षण अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के तहत भ्रामक विज्ञापन की श्रेणी में रखते हुए विधिक कार्रवाई की मांग की गई है।

इस प्रकरण में एक अन्य अहम पहलू आयोग के समक्ष पेश किए गए वकालतनामे और अन्य दस्तावेजों पर मौजूद हस्ताक्षरों को लेकर उठा है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि संबंधित पेपर्स पर किए गए हस्ताक्षर सलमान खान के मूल हस्ताक्षर नहीं हैं। इसी आधार पर पहले जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोष आयोग (द्वितीय), जोधपुर में आपत्ति दर्ज कराते हुए सलमान खान की व्यक्तिगत उपस्थिति सुनिश्चित करने और हस्ताक्षरों का विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) से मिलान कराने का आग्रह किया गया था। अधिवक्ता रामनिवास चौधरी के मुताबिक, जिला आयोग ने यह मांग स्वीकार नहीं की थी। जिला आयोग के 16 सितंबर 2026 को पारित आदेश से असंतुष्ट होकर याचिकाकर्ता ने राज्य उपभोक्ता आयोग की सर्किट बेंच में पुनरीक्षण याचिका दायर की। राज्य आयोग में प्रारंभिक बहस के बाद पुनरीक्षण याचिका स्वीकार करते हुए संबंधित पक्षों को नोटिस जारी किए गए हैं।