जयपुर में एक सरकारी पुलिस वाहन के अंदर युवकों के शराब पीने और वीडियो बनाने का क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला सामने आया है। वीडियो में आरजे14 यूजी नंबर की गाड़ी दिखने का दावा किया जा रहा है, जिसमें वायरलेस सेट भी नजर आता है। क्लिप में हाथों में बीयर की बोतल लिए युवक दिखाई देते हैं और सलमान खान की फिल्म दबंग-2 का गाना सुनाई देता है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व रंजीता शर्मा के अनुसार, एसएमएस अस्पताल थाना क्षेत्र के सवाना बार के बाहर 13 सितंबर 2026 को सरकारी पुलिस वाहन में शराब पीने और वीडियो वायरल होने के मामले में तस्दीक के बाद पांच युवकों भव्य खंडेलवाल, आशुतोष चक्रवर्ती, गोपाल, मृणाल और अमन जैन के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों पर बीएनएस की संबंधित धाराओं, आईटी एक्ट और पीडीपीपी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच मोतीडूंगरी थानाधिकारी मोहन लाल को सौंपी गई है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व पारसमल जैन के सुपरविजन और सहायक पुलिस आयुक्त गांधीनगर नारायण बाजिया के निर्देशन में मोतीडूंगरी थानाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई है। पुलिस टीम आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।

अधिकारियों के स्तर पर जांच में यह स्पष्ट किया जाएगा कि वीडियो में दिख रही गाड़ी का वास्तविक विवरण, उसकी तैनाती, संबंधित कर्मियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की सच्चाई क्या है। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद ही इस मामले में आगे की स्थिति साफ हो सकेगी।