महाराष्ट्र के जलगांव ज़िले के बालवाड़ी गांव के रहने वाले 28 वर्षीय भूषण ठाकरे ने 'कौन बनेगा करोड़पति' (केबीसी) में एक करोड़ रुपये जीते हैं. भूषण यूपीएससी की तैयारी कर रहे हैं. उनके पिता मज़दूरी करते हैं और मां कई स्वास्थ्य समस्याओं से जूझती रही हैं. भूषण ने 2016 में पहली बार केबीसी के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था और करीब दस साल बाद उनका यह सपना पूरा हुआ. उन्होंने सात करोड़ रुपये के सवाल का जवाब देने के बजाय एक करोड़ रुपये लेकर खेल छोड़ने का फ़ैसला किया. बाद में उन्हें पता चला कि सात करोड़ रुपये के सवाल को लेकर उनका अंदाज़ा सही था, लेकिन उन्हें इस फैसले का कोई पछतावा नहीं है. एक बातचीत में भूषण ने कहा कि केबीसी ने जो एक करोड़ जीतने का अवसर दिया, वो अमाउंट भी उनके लिए पर्याप्त है और इससे वह अपने पूरे जीवन में बदलाव ला सकते हैं.
भूषण के परिवार में चार लोग हैं- माता-पिता, वह खुद और उनका छोटा भाई कुलदीप. उनके पिता अकेले कमाने वाले थे और परिवार भूमिहीन मज़दूर के तौर पर काम करता था. भूषण ने 12वीं तक की पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से की और इसके बाद जलगांव के सरकारी संस्थान से आगे की पढ़ाई की. उन्होंने इतिहास में एमए किया है और फ़िलहाल राजनीति विज्ञान में एमए की पढ़ाई के साथ यूपीएससी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं. भूषण के मुताबिक उनके पिता ने पांच साल की उम्र से ही काम करना शुरू कर दिया था. उनकी मां भी पढ़ी-लिखी नहीं हैं और लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझती रही हैं. उनकी करीब आठ से नौ सर्जरी हो चुकी हैं.
भूषण ने बताया कि जब वह 2016-17 में पढ़ाई के लिए घर से बाहर निकले, तब परिवार की आर्थिक स्थिति इतनी अच्छी नहीं थी कि उनकी पढ़ाई का ख़र्च आसानी से उठाया जा सके. उनकी मां घर के खर्च से थोड़े-थोड़े पैसे बचाकर सोना खरीदती थीं और जब भी भूषण को पढ़ाई के लिए पैसों की ज़रूरत होती, मां अपने गहने बेच देती थीं. अब एक करोड़ रुपये जीतने के बाद भूषण की पहली प्राथमिकताओं में मां के लिए गहने खरीदना है. वह कहते हैं कि समय आ चुका है कि उन्हें यह रिटर्न सूद समेत देना होगा.
भूषण ने बताया कि केबीसी के मंच तक पहुंचने का सफ़र भी आसान नहीं था. जब शो की टीम ने उन्हें फोन करके मुंबई आने और उनके चयन की जानकारी दी, तब उनकी जेब में सिर्फ़ 24 रुपये थे. केबीसी की टीम प्रतिभागियों के आने-जाने और ठहरने का ख़र्च उठाती है, इसलिए उन्हें मुंबई पहुंचने की चिंता नहीं थी. भूषण ने कहा, "जब मैं मुंबई गया तो मेरी जेब में 24 रुपये थे और जब मैं मुंबई से आया तब मेरी जेब में एक करोड़ 24 रुपये थे." उन्होंने बताया कि अमिताभ बच्चन के सामने बैठना सपने के सच होने जैसा था और शुरुआत में वह घबरा गए थे.
भूषण फिलहाल यूपीएससी की परीक्षा की तैयारी के लिए अपने परिवार से दूर भुसावल के एक हॉस्टल में रहते हैं. उनका कहना है कि उन्होंने खुद से वादा किया था कि जब तक कुछ हासिल नहीं कर लेते, तब तक घर वापस नहीं लौटेंगे. उन्होंने बताया कि एक समय उन्हें लगने लगा था कि उनकी पढ़ाई में लगातार रुकावटें आ रही हैं और वह परिवार पर बोझ बनते जा रहे हैं. इसी वजह से उन्होंने घर से बाहर रहकर अपने पैरों पर खड़े होने का फैसला किया. अब एक करोड़ रुपये जीतने के बाद वह अपने माता-पिता की ज़िंदगी बदलना चाहते हैं. उनके पिता की उम्र 55 साल है और भूषण कहते हैं कि अब वह उन्हें मेहनत-मजदूरी करने नहीं देंगे.
