तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में एक महिला अधिकारी से कथित अभद्र व्यवहार के मामले में प्रदर्शनकारियों ने अनोखे तरीके से विरोध जताया। उन्होंने अभिनेता और नेता विजय की फिल्म 'थेरी' के एक दृश्य की नकल करते हुए पुल से एक पुतला लटका दिया। फिल्म के इस दृश्य में एक आरोपी को पुल से लटकते दिखाया गया है। प्रदर्शनकारियों ने कल्लाकुरिची के विधायक विग्नेश की गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी भी की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतले को हटवा दिया।

जिले की कलेक्टर ने विधायक विग्नेश पर उन्हें कथित तौर पर अश्लील और आपत्तिजनक संदेश भेजने का आरोप लगाया है। कलेक्टर की शिकायत पर 24 नवंबर को उनके खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक आई. शनाज को दी गई शिकायत में आरोप लगाया गया कि विधायक ने बातचीत के दौरान यौन संकेतों वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां की थीं। हालांकि, विग्नेश ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है। पुलिस ने विधायक के खिलाफ तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून की धारा 4 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है, जिनमें यौन उत्पीड़न, पीछा करने और सरकारी कर्मचारी पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग जैसे आरोप शामिल हैं। मामले की जांच जारी है।

इस बीच यह भी सामने आया है कि महिला अधिकारी ने काफी पहले वरिष्ठ अधिकारियों को विधायक के व्यवहार की जानकारी दी थी। सूत्रों के मुताबिक, उन्होंने 31 जुलाई को मुख्य सचिव एम. साई कुमार को इस बारे में बताया था, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। बाद में 23 नवंबर को उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने 15 नवंबर को ही इस मामले का स्वतः संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के डीजीपी से निष्पक्ष जांच कराने को कहा था। इससे पहले मद्रास हाईकोर्ट ने कहा था कि केवल मीडिया में आई खबरों के आधार पर अदालत कार्रवाई नहीं कर सकती और इसके लिए पीड़ित अधिकारी की शिकायत जरूरी है।

नेता प्रतिपक्ष उदयनिधि स्टालिन ने मामले में TVK विधायक अरुल विग्नेश की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है। उन्होंने निष्पक्ष जांच के लिए इसे केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंपने की भी मांग की। स्टालिन ने कहा कि विधायक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत बुधवार को पुलिस महानिदेशक (DGP) को दी गई थी और उन्हें उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय कार्रवाई करेंगे, लेकिन सरकार ने मीडिया को दिए गए उनके इंटरव्यू को हटाने के लिए अदालत का रुख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि विजय सरकार के सत्ता में आने के छह महीने के भीतर TVK नेताओं से जुड़े यौन उत्पीड़न के कई मामले सामने आए हैं, लेकिन बार-बार शिकायतों के बावजूद उचित कार्रवाई नहीं की गई। स्टालिन ने मुख्य सचिव पर भी सवाल उठाते हुए उनकी भूमिका की जांच और शिकायतकर्ता महिला अधिकारी को सुरक्षा देने की मांग की। पुलिस ने जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम नियुक्त की है। फिलहाल विधायक पर लगे आरोप साबित नहीं हुए हैं और मामले की जांच जारी है।