चीन की ओर से ब्रह्मपुत्र नदी पर दुनिया का सबसे बड़ा हाइड्रोपावर बांध बनाने की योजना के बीच अरुणाचल प्रदेश में प्रस्तावित सियांग अपर मल्टीपरपज प्रोजेक्ट चर्चा में है। यह परियोजना अपर सियांग जिले में सियांग नदी के आसपास प्रस्तावित है। सियांग नदी ब्रह्मपुत्र की मुख्य धारा है, जिसका उद्गम तिब्बत में कैलाश पर्वत के पास होता है और वहां इसे यारलुंग त्सांगपो कहा जाता है। नदी तिब्बत में 1 हजार किलोमीटर से ज्यादा की दूरी तय करने के बाद नामचा बरवा पर्वत के पास बड़े घुमाव से गुजरते हुए अरुणाचल में प्रवेश करती है। असम पहुंचने पर इसमें दिबांग और लोहित नदियां मिलती हैं, जिसके बाद इसे ब्रह्मपुत्र कहा जाता है।
स्थानीय लोगों के विरोध के बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने इस परियोजना को राष्ट्रीय महत्व का बताया है। उन्होंने कहा है कि यह प्रोजेक्ट अरुणाचल प्रदेश के विकास के साथ देश की ऊर्जा सुरक्षा और राज्य की आर्थिक स्थिति के लिए भी जरूरी है। 23 अक्तूबर को विरोध प्रदर्शन के दौरान हिंसा भड़कने के बाद शाह ने इस मुद्दे पर अपनी बात रखी। उन्होंने सियांग के लोगों की चिंताओं और आशंकाओं को समझने की बात कहते हुए भरोसा दिलाया कि सभी संबंधित पक्षों के साथ सकारात्मक बातचीत की जाएगी।
इस परियोजना को भारत की जल और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू ने चेतावनी दी है कि भविष्य में युद्ध या तनाव की स्थिति में चीन इस विशाल बांध से अचानक भारी मात्रा में पानी छोड़कर इसे भारत के खिलाफ वॉटर बम की तरह इस्तेमाल कर सकता है। ऐसे में भारत की यह परियोजना चीन की गतिविधियों से पैदा होने वाले संभावित जोखिमों का मुकाबला करने की रणनीति का हिस्सा मानी जा रही है।