सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद सोनम वांगचुक ने दावा किया है कि लेह में उनके घर के बाहर तैनात पुलिस और सुरक्षा बलों को हटा लिया गया है। उन्होंने इसे अपने घर में नजरबंद रखे जाने के खिलाफ कानूनी लड़ाई में न्याय की जीत बताया है। एक्स पर एक पोस्ट में उन्होंने कहा कि वे डाकुओं की तरह आए थे और चोरों की तरह चले गए।

वांगचुक ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संदेश देते हुए लिखा कि आज उनके लिए दिवाली जैसा दिन है। उन्होंने इसे सच्चाई की झूठ पर और अदालतों के न्याय की कार्यपालिका की मनमानी पर जीत बताया। उनके मुताबिक, सुरक्षा बलों की तैनाती हटाने का फैसला ऐसे समय आया, जब उन्होंने लेह में हाईकोर्ट की बेंच के सामने अपने घर में नजरबंद किए जाने का मामला उठाया था। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षा बलों को हटाने के बावजूद प्रशासन दावा कर रहा है कि उन्हें कभी नजरबंद नहीं किया गया था।

इस बीच, लेह जिला पुलिस ने एक्स पर बयान जारी कर कहा कि सोनम वांगचुक के खिलाफ निषेधाज्ञा का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जो पुलिस व्यवस्था की गई थी, उसे वापस ले लिया गया है। पुलिस ने साफ किया कि वांगचुक को कभी हाउस अरेस्ट नहीं किया गया था। पुलिस के मुताबिक, लेह के अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट ने उनके खिलाफ निषेधाज्ञा जारी की थी और उसी के पालन के लिए उनके घर के बाहर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिस ने इसे नजरबंदी बताना सही नहीं ठहराया है।

वांगचुक ने इससे पहले वीडियो संदेश जारी कर दावा किया था कि उनके घर के बाहर करीब 20 से 25 पुलिस और अर्धसैनिक बलों के जवान तैनात किए गए थे। उनके मुताबिक, घर के चारों तरफ सुरक्षा बलों की मौजूदगी थी और वहां पुलिस वाहन व टेंट भी लगाए गए थे। गौरतलब है कि 11 नवंबर को वांगचुक ने आरोप लगाया था कि उन्हें विरोध प्रदर्शन स्थल से हटाकर उनके घर पहुंचाया गया और इसके बाद उनकी आवाजाही सीमित कर दी गई। उन्होंने कहा था कि वह इस कार्रवाई को मजिस्ट्रेट, हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट तक कानूनी मंचों पर चुनौती देंगे।