राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी, उद्यमशीलता एवं प्रबंधन संस्थान (निफ्टेम), कुंडली की ओर से बुधवार को गांव फरमाणा में कर्मयोगी वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से किसान जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम ग्राम अंगीकरण योजना के तहत हुआ, जिसमें किसानों को जैविक खेती, मृदा स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण और कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन कर आय बढ़ाने के तरीकों की जानकारी दी गई।

कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक डॉ. जय कंवर नांदल ने जैविक खेती की तकनीकों और मिट्टी की उर्वरता बनाए रखने के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने जैविक खाद के उपयोग, रासायनिक उर्वरकों के संतुलित प्रयोग और टिकाऊ कृषि पद्धतियां अपनाने का आह्वान किया।

निफ्टेम के सहायक प्राध्यापक डॉ. आनंद किशोर ने कहा कि किसान कृषि उत्पादों को कच्चे माल के रूप में बेचने के बजाय उनका प्रसंस्करण कर मूल्य संवर्धित उत्पाद तैयार करें तो आमदनी बढ़ा सकते हैं। उन्होंने पैकेजिंग, लेबलिंग, ब्रांडिंग और विपणन की जानकारी देते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में खाद्य प्रसंस्करण इकाइयां स्थापित करने की संभावनाएं बताईं। कनिका राजपूत ने कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण से जुड़ी सरकारी योजनाओं, वित्तीय सहायता और स्वरोजगार के अवसरों की जानकारी दी।

कार्यक्रम में निफ्टेम के बीटेक, एमटेक और एमबीए के विद्यार्थियों ने भी भाग लिया। डॉ. सारिका यादव, डॉ. विजय एन, रितेश मलिक और जयशंकर ने आयोजन में सहयोग किया। किसानों ने विशेषज्ञों से संवाद कर उद्यम स्थापना और आधुनिक कृषि तकनीकों से संबंधित जानकारी प्राप्त की।