सुप्रीम कोर्ट ने तमिलनाडु के मदुरै स्थित तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर कार्तिगई दीपम जलाने के विवाद में अहम फैसला सुनाया है। अदालत ने 24 नवंबर को पहाड़ी पर स्थित दीपथून यानी पत्थर के दीप स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति दी है, लेकिन यह अनुमति केवल एक बार के लिए है।

न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने कहा कि दीप जलाने के लिए केवल मंदिर प्रशासन के अधिकृत लोगों और सरकारी अधिकारियों को ही वहां जाने की अनुमति होगी। अदालत ने जरूरत पड़ने पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम करने का निर्देश भी दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने मद्रास हाईकोर्ट के उस फैसले पर रोक लगा दी है, जिसमें पहाड़ी पर पारंपरिक कार्तिगई दीपम जलाने की अनुमति दी गई थी।

सुनवाई के दौरान तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को दलील दी थी कि दरगाह के पास स्थित पत्थर के स्तंभ पर दीप जलाने की अनुमति देने से देशभर में ऐसे हजारों सर्वेक्षण स्तंभों को धार्मिक पहचान मिलने का रास्ता खुल सकता है। बता दें कि मदुरै के अरुलमिगु सुब्रमणियास्वामी मंदिर में कार्तिगई दीपम को लेकर यह विवाद है कि तिरुपरनकुंद्रम पहाड़ी पर दीपम कहां और किसके द्वारा जलाया जाना चाहिए।

कई दशकों से यह दीपम पहाड़ी की निचली ढलान पर स्थित उचिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में जलाया जाता रहा है। हिंदू संगठनों ने अब दीपथून पर दीपम जलाने की अनुमति मांगी है। दीपथून पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित एक प्राचीन पत्थर का दीपम स्तंभ है, जो हजरत सुल्तान सिकंदर बादुशा औलिया दरगाह से करीब 50 मीटर की दूरी पर है।