वाराणसी सिटी से गोरखपुर की यात्रा के लिए टिकट बुक कराने वाले एक यात्री के साथ अनोखी समस्या सामने आई है। यात्री ईशान बाजपेयी ने गाड़ी संख्या 15132, बीसीवाई एनपीआर एक्सप्रेस में अपना टिकट बुक कराया था। उनका टिकट कंफर्म हो गया और एसी 2-टियर के A1 कोच में साइड अपर बर्थ के रूप में सीट नंबर 54 दर्ज था। हालांकि, जब वे कोच में पहुंचे तो देखा कि वहां कुल 52 बर्थ ही थीं और सीट नंबर 54 मौजूद ही नहीं थी।

ईशान ने बताया कि रात करीब पौने 11 बजे उनके सामने यह समस्या आई। उन्होंने कोच के अंदर का वीडियो रिकॉर्ड करते हुए रेल मंत्रालय और 'रेलवे सेवा' को टैग करके सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट किया। पोस्ट के मुताबिक उनके टिकट का स्टेटस CNF/A1/54/SU दिखा रहा था, यानी कोच A1 में बर्थ नंबर 54 कंफर्म था। उन्होंने नाराजगी जताते हुए लिखा कि देर रात बिना कंफर्म सीट के जाना बेहद निराशाजनक है। उन्होंने बताया कि वे पहले ही रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 के जरिए शिकायत दर्ज करा चुके थे, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई।

मामला सोशल मीडिया पर सामने आते ही चर्चा का विषय बन गया। पोस्ट पर संज्ञान लेते हुए 'रेलवे सेवा' ने माफी मांगी और कहा कि शिकायत को जरूरी कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है। रेलवे ने जल्द से जल्द सहायता के लिए 'रेल मदद' पोर्टल या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करने का सुझाव भी दिया।

रेलवे की माफी के बावजूद सवाल बना हुआ है कि यात्री को 52 बर्थ वाले कोच में 54 नंबर की बर्थ कैसे आवंटित हो गई।