केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने विदेश मंत्रालय, गृह मंत्रालय और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के सहयोग से यूक्रेनी नागरिक ओलेक्सांद्र जापिचेंको को 17 नवंबर को रोमानिया से भारत प्रत्यर्पित कराने में सफलता हासिल की है। यह व्यक्ति ईडी द्वारा धन शोधन निवारण अधिनियम के तहत दर्ज मामले में वांछित था और उसके खिलाफ इंटरपोल के जरिए रेड नोटिस जारी कराया गया था।
आरोप है कि इस व्यक्ति ने अन्य आरोपियों के साथ मिलकर निवेशकों को हर सप्ताह 6 प्रतिशत से 11 प्रतिशत तक भारी रिटर्न देने का झूठा वादा करके उनसे धोखाधड़ी की। जांच में पता चला कि संबंधित कंपनी मल्टी-लेवल मार्केटिंग (एमएलएम) आधारित पोंजी स्कीम चला रही थी और उसने भारतीय रिजर्व बैंक से आवश्यक अनुमति लिए बिना निवेशकों से नकद में बड़ी रकम जुटाई थी।
जांच के अनुसार, निवेशकों से जुटाई गई राशि को हवाला चैनलों के जरिए धन शोधन करके खपाया गया और बाद में इसका इस्तेमाल क्रिप्टोकरेंसी खरीदने में किया गया। यह व्यक्ति निवेशकों की नकदी को क्रिप्टोकरेंसी में बदलने के काम में सीधे तौर पर शामिल था और बड़े पैमाने पर नकद लेन-देन की व्यवस्था करने में उसकी भूमिका रही।
ईडी के अनुरोध पर एनसीबी-नई दिल्ली (सीबीआई) ने इंटरपोल के माध्यम से इस व्यक्ति के खिलाफ रेड नोटिस जारी कराया। रोमानियाई अधिकारियों ने उसकी लोकेशन का पता लगाकर गिरफ्तारी की और कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए उसे भारत को सौंपने की मंजूरी दी। ईडी की एक टीम रोमानिया गई, जहां उसे भारतीय टीम के हवाले कर दिया गया, जो उसे लेकर मुंबई पहुंची। सीबीआई भारत में इंटरपोल के नेशनल सेंट्रल ब्यूरो के रूप में भारतपोल के जरिए सभी कानून प्रवर्तन एजेंसियों के साथ समन्वय करती है। 2019 से अब तक इंटरपोल के माध्यम से समन्वय करके 280 से अधिक वांछित अपराधियों को भारत वापस लाया गया है।