लखनऊ में सोमवार (23 नवंबर) को भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक हुई, जिसमें चुनावी तैयारियों का खाका तैयार किया गया। बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसएसआर (स्पेशल समरी रिवीजन) के जरिए छूटे वोटों को जोड़ने के लिए आक्रामक अभियान चलाने और लाभार्थियों से संपर्क कर चुनावी अभियान को धार देने पर जोर दिया। एसएसआर की प्रगति रिपोर्ट संतोषजनक नहीं मिलने पर इसे तेज करने को कहा गया। बैठक में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक भी शामिल हुए।
बैठक में सहयोगी दलों के साथ समन्वय और उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा हुई। घटक दलों को भरोसे में रखने की चुनौती पर भी बात हुई। गांवों में चौपाल लगाकर सांसदों और विधायकों के जरिए राज्य सरकार की कानून-व्यवस्था और उपलब्धियां बताने की रणनीति बनाई गई। महिलाओं और युवाओं को प्रतिनिधित्व बढ़ाने तथा युवा संवाद कार्यक्रम की नई समीक्षा पर भी चर्चा हुई।
कई वर्तमान विधायकों के टिकट काटने की चर्चा के बीच क्षेत्रों से आए फीडबैक पर बातचीत की गई। 2017, 2019, 2022 और 2024 के चुनावों में विधानसभा वार प्रदर्शन की समीक्षा की गई और हारी सीटों पर रणनीति में नए बिंदु जोड़े गए। संगठन में अहम पदों पर रहे अनुभवी चेहरों को जल्द नई भूमिकाओं के साथ मैदान में उतारने की बात कही गई।
प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े ने प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह के साथ अभियानों और कार्यक्रमों की समीक्षा की। मंडलों और जिलों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के दौरों का खाका भी बनाया गया। बैठक में ‘राधे-राधे कमल खिला दे’ जैसे नए नारों की उपयोगिता और अपील पर भी विमर्श किया गया।
