उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले चर्चित सवालों पर विश्लेषकों ने अपनी राय दी है। विनोद अग्निहोत्री के अनुसार आजम खां की रिहाई सपा के लिए राहत की खबर है। उनके आने से सपा को ओवैसी को काउंटर करने का एक चेहरा मिल गया है। लंबे समय तक जेल में रहने से मुस्लिम समुदाय में उनके प्रति सहानुभूति बनी है, जिसका फायदा सपा को मिल सकता है। लेकिन सपा और आजम खां को ध्यान रखना होगा कि वे इतने आक्रामक तरीके से न बोलें कि उसका फायदा भाजपा उठाए।

अयोध्या के बाद मथुरा को भाजपा का चुनावी मुद्दा बनने के सवाल पर राकेश शुक्ल ने कहा कि कृष्ण जन्मभूमि का मसला भाजपा के एजेंडे में कभी नहीं रहा है। यह विशुद्ध तौर पर योगी आदित्यनाथ का मामला है। पिछले साढ़े नौ साल में योगी आदित्यनाथ वहां 40 से ज्यादा बार गए हैं और हजारों करोड़ रुपये विकास के लिए दिए जा चुके हैं। कृष्ण जन्मभूमि के एजेंडे पर भाजपा के आने से यह साफ हो गया है कि भाजपा योगी आदित्यनाथ के मुद्दे पर लड़ेगी।

सीजेपी के उत्तर प्रदेश चुनाव में उतरने के सवाल पर पूर्णिमा त्रिपाठी ने कहा कि सीजेपी ने अब तक एक राजनीतिक दल के तौर पर खुद को पंजीकृत नहीं कराया है। आगे वे क्या करेंगे, यह पता नहीं है। वे जिसके साथ भी जाएंगे, उस दल को फायदा जरूर होगा। अब तक की स्थिति में वे उत्तर प्रदेश में सपा के साथ जा सकते हैं। ऐसा होता है तो सपा-कांग्रेस गठबंधन के साथ युवाओं को जोड़ने का एक अच्छा कदम होगा।

अखिलेश बनाम योगी के चुनाव होने के सवाल पर विनोद अग्निहोत्री ने कहा कि अखिलेश और योगी अगर नहीं चाहें तो भी यह चुनाव अखिलेश बनाम योगी ही होगा। अखिलेश गोरखपुर इसलिए गए क्योंकि यह योगी का गढ़ तो है ही, साथ ही पूर्वांचल में ब्राह्मण राजनीति का गढ़ भी रहा है। ब्राह्मण वोटों को कैप्टलाइज करने के लिए भी अखिलेश गोरखपुर गए। योगी अखिलेश को चुनौती दे रहे हैं कि अयोध्या से लड़ लीजिए।