उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग ने उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) कराने का निर्णय लिया है। यह परीक्षा 26 और 27 फरवरी 2027 को आयोजित की जाएगी। प्राथमिक स्तर (कक्षा एक से पांच) और उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा छह से आठ) की टीईटी के लिए विज्ञापन 24 नवंबर को जारी होगा। इसी के साथ ओटीआर और पंजीकरण प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। अभ्यर्थी 23 दिसंबर तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन में त्रुटि संशोधन के लिए आयोग की ओर से 27 दिसंबर तक का समय दिया जाएगा।
आयोग के उप सचिव डॉ. संजय कुमार सिंह ने बताया कि अभ्यर्थियों की सुगमता के लिए ओटीआर व्यवस्था लागू की गई है। ओटीआर पूर्ण करने के बाद ही अभ्यर्थी टीईटी के लिए आवेदन करें।
इस निर्णय से बेसिक शिक्षा विभाग के उन शिक्षकों को भी राहत मिलने की उम्मीद है, जिनकी पदोन्नति बाधित हो रही है। टीईटी उत्तीर्ण करने पर उनके पदोन्नति की राह खुल जाएगी। पिछले दिनों उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के सचिव सुरेंद्र कुमार तिवारी ने निर्देश जारी किया था कि जिन शिक्षकों ने टीईटी उत्तीर्ण नहीं की है, वे पदोन्नति के लाभ से वंचित हो जाएंगे। यह भी कहा गया था कि कुछ सीटें सुरक्षित रखी जाएंगी, ताकि शिक्षकों के टीईटी उत्तीर्ण करने पर उन्हें पदोन्नति का लाभ दिया जा सके।
यह परीक्षा उन अभ्यर्थियों के लिए भी उम्मीद की राह खोलेगी जो निकट भविष्य में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया में शामिल होना चाहते हैं।
