भारतीय रेलवे में सुरक्षा को लेकर एक गंभीर लापरवाही सामने आई है। 24 अक्टूबर को एक खाली वंदे भारत चेयर कार रैक को मालगाड़ी के इंजन की मदद से झारखंड के हटिया से उत्तर प्रदेश के झांसी ले जाया जा रहा था। नियमों के तहत पूरे सफर के लिए पैसेंजर ट्रेन के ब्रेकिंग सिस्टम को मालगाड़ी के इंजन के ब्रेकिंग सिस्टम से पूरी तरह जोड़ा जाना जरूरी था, लेकिन संबंधित रेलकर्मियों ने दोनों सिस्टम ठीक से नहीं जोड़े।
7 नवंबर को जारी आधिकारिक दस्तावेज के अनुसार, हटिया-रांची सेक्शन में लोको पायलट ने ब्रेक फील और ब्रेक पावर टेस्ट किया, जिसमें ब्रेक पावर बेहद कमजोर और बेअसर पाई गई। रांची स्टेशन पर पायलट ने सेक्शन कंट्रोलर और ट्रैक्शन लोको कंट्रोलर समेत संबंधित अधिकारियों को लिखित शिकायत दी, लेकिन समस्या ठीक करने के बजाय ट्रेन को उसी हाल में आगे बढ़ने की अनुमति दे दी गई। मुरी स्टेशन पर दूसरे लोको पायलट को भी यही समस्या मिली और उसने भी कंट्रोलर्स को अलर्ट किया, फिर भी ट्रेन नहीं रोकी गई।
क्रू की चेतावनियों को नजरअंदाज करते हुए यह रैक उत्तर प्रदेश के चंदौली जिले स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय (DDU) जंक्शन पहुंचा, जहां जांच में पता चला कि ट्रेन के सभी कोचों के ब्रेकिंग सिस्टम बंद थे। 463 किलोमीटर के इस सफर में पूरी ट्रेन सिर्फ इंजन के ब्रेक और रीजेनरेटिव ब्रेकिंग के भरोसे चलती रही।
दक्षिण पूर्व रेलवे जोन ने इसे गंभीर सुरक्षा चूक मानते हुए रांची के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को विस्तृत जांच का आदेश दिया है। शुरुआती जांच में कोच एंड वैगन (C&W) के रखरखाव कर्मचारियों, संबंधित स्टेशनों के सेक्शन और ट्रैक्शन कंट्रोलर्स तथा हटिया से डीडीयू के बीच ट्रेन चलाने वाले क्रू को जिम्मेदार ठहराया गया है। जोन ने दोषी कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के निर्देश दिए हैं।
