भागलपुर के विक्रमशिला सेतु की मरम्मत का काम तेजी से चल रहा है। पुल के चारों क्षतिग्रस्त हिस्सों पर स्टील गर्डर लगाने का कार्य पूरा हो चुका है। अब इन हिस्सों में एंगल लगाकर सेंट्रिंग की तैयारी की जा रही है। साइट पर कार्यरत कर्मियों के अनुसार, तीन मई की रात गंगा में गिरे स्लैब के पीछे वाले हिस्से में सेंट्रिंग पूरी करने में पांच से छह दिन लग सकते हैं। बाकी तीन प्रभावित हिस्सों में भी सेंट्रिंग की तैयारी साथ-साथ चल रही है। पूरा सेंट्रिंग कार्य करीब 15-16 दिन में पूरा होने की उम्मीद है।
इसके बाद दिसंबर से स्लैबों की ढलाई शुरू होगी। चारों मुख्य स्लैब की ढलाई में 20 से 22 दिन लग सकते हैं। कंक्रीट के जमने और मजबूत होने के लिए ढलाई के 21 दिन बाद सेंट्रिंग खोली जाएगी। इसके बाद पुल की भार वहन क्षमता और सुरक्षा की जांच के लिए 180 टन वजनी विशेष वाहन से लोड टेस्ट किया जाएगा। इस परीक्षण के सफल होने के बाद ही पुल को यातायात के लिए खोला जाएगा, जिस पर 40 टन तक क्षमता वाले भारी वाहन आ-जा सकेंगे।
निर्धारित लक्ष्य के अनुसार 14 जनवरी तक पुनर्स्थापन कार्य पूरा करने की योजना पर 24 घंटे शिफ्टवार काम चल रहा है। इसकी प्रगति की रोजाना रिपोर्ट पटना मुख्यालय से ली जा रही है। पुल पर बेयरिंग लगाने का काम लगभग पूरा हो चुका है, जबकि पुरानी रेलिंग और फुटपाथ को काटकर हटाने का काम आखिरी चरण में है। जल्द ही नई स्टील रेलिंग और लोहे का फुटपाथ बनाने का कार्य भी शुरू होगा।
