नागपुर में कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के प्रमुख अभिजीत दीपके ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जेन जेड (Gen Z) को उसी पार्टी को वोट देना चाहिए, जो अच्छी शिक्षा, रोजगार, बेहतर सार्वजनिक बुनियादी ढांचा और अच्छी स्वास्थ्य सुविधाएं देने की बात करे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी यूपी चुनाव में नहीं उतरेगी और किसी भी दल को समर्थन नहीं देगी। दीपके ने कहा कि अब यह अन्य पार्टियों पर निर्भर करता है कि वे जेन जेड को ये सुविधाएं देना चाहती हैं या नहीं।
भाजपा के खिलाफ बात करने संबंधी सवाल पर दीपके ने कहा कि उन्होंने ऐसा कुछ नहीं कहा कि भाजपा इन मुद्दों पर काम नहीं करना चाहती। उन्होंने कहा कि उनका बयान सिर्फ इतना है कि जो अच्छी शिक्षा, रोजगार, सार्वजनिक बुनियादी ढांचे और स्वास्थ्य सेवा पर काम करे, जेन जेड उसी को वोट दे। मंगलवार को छत्रपति संभाजीनगर में उन्होंने कहा था कि पार्टी चुनाव नहीं लड़ेगी, लेकिन चुनाव युवाओं के मुद्दों पर होने चाहिए। उन्होंने कहा कि दुनिया आज एआई और नवीकरणीय ऊर्जा पर चर्चा कर रही है, और वे इस बारे में नहीं बोलेंगे कि सरकार किसे बनानी चाहिए।
इस बीच, सीजेपी ने गुरुवार को नागपुर में 'लोकतंत्र बचाओ, संविधान बचाओ' रैली की तैयारी की है। दीपके ने आरोप लगाया कि देशभर में लोकतंत्र को खत्म किया जा रहा है, जिसकी शुरुआत चुनावों के दौरान विधायकों की खरीद-फरोख्त से हुई और फिर वोटों की चोरी होने लगी। उन्होंने कोल्हापुर में गोकुल डेरी चुनाव का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि हार के बाद अब दूध सहकारी संस्था में अपने लोगों को बैठाने की कोशिश की जा रही है और चुनावों को हाईजैक कर धांधली की जा रही है।
दीपके ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग को जीतने वाले उम्मीदवारों और उनकी जीत के अंतर की सूची का केवल एक व्हाट्सऐप संदेश मिलता है और वह कठपुतली की तरह संवाददाता सम्मेलन में उसकी घोषणा कर देते हैं। सीजेपी आने वाले समय में मराठवाड़ा और विदर्भ के सूखाग्रस्त क्षेत्र का दौरा करने की तैयारी कर रही है, जबकि पार्टी के नेता लगातार सरकारी स्कूलों में भी पहुंच रहे हैं।
