तमिलनाडु के कल्लाकुरिची में एक महिला अधिकारी से कथित अभद्र व्यवहार के मामले में डीएमके कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने अभिनेता विजय की फिल्म 'थेरी' के एक दृश्य की तरह पुल से विधायक विग्नेश का पुतला लटका दिया और उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हुए नारेबाजी की। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पुतला हटवा दिया।
जिले की कलेक्टर ने आरोप लगाया है कि विधायक विग्नेश ने उनसे बातचीत के दौरान यौन संकेतों वाली आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं और अश्लील संदेश भेजे। कलेक्टर की शिकायत पर 24 नवंबर को विधायक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने तमिलनाडु महिला उत्पीड़न निषेध कानून की धारा 4 और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है, जिनमें यौन उत्पीड़न, पीछा करने और सरकारी कर्मचारी पर हमला या आपराधिक बल प्रयोग जैसे आरोप शामिल हैं। विग्नेश ने इन आरोपों को खारिज करते हुए इसे राजनीतिक साजिश बताया है।
सूत्रों के मुताबिक, महिला अधिकारी ने 31 जुलाई को मुख्य सचिव एम. साई कुमार को विधायक के व्यवहार की जानकारी दी थी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने का आरोप है। बाद में 23 नवंबर को उन्होंने पुलिस को लिखित शिकायत दी। राष्ट्रीय महिला आयोग ने 15 नवंबर को स्वतः संज्ञान लेते हुए तमिलनाडु के डीजीपी से निष्पक्ष जांच कराने को कहा था। इससे पहले मद्रास हाईकोर्ट ने कहा था कि केवल मीडिया में आई खबरों के आधार पर अदालत कार्रवाई नहीं कर सकती, इसके लिए पीड़ित अधिकारी की शिकायत जरूरी है।
बुधवार को डीएमके नेता और विपक्ष के नेता उदयनिधि स्टालिन ने डीजीपी महेश कुमार अग्रवाल से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा और विधायक विग्नेश को गिरफ्तार करने तथा मामले की जांच सीबीआई को सौंपने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने अधिकारी की पहले की शिकायतों पर ध्यान नहीं दिया और मुख्यमंत्री की चुप्पी पर भी सवाल उठाए। उदयनिधि ने मुख्य सचिव की भूमिका की जांच कराने और शिकायतकर्ता महिला अधिकारी को सुरक्षा देने की मांग भी की। पुलिस ने जांच के लिए वरिष्ठ अधिकारियों की टीम नियुक्त की है। फिलहाल विधायक पर लगे आरोप साबित नहीं हुए हैं और मामले की जांच जारी है।