प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 नवंबर को संविधान दिवस के मौके पर विपक्ष पर हमला बोला है। अपनी वेबसाइट पर प्रकाशित एक लेख में पीएम मोदी ने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। उन्होंने कांग्रेस या किसी अन्य पार्टी का नाम नहीं लिया, लेकिन निशाना कांग्रेस की ओर था। पीएम मोदी ने लिखा कि संविधान निर्माता डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर इसके पूरी तरह खिलाफ थे। फिलहाल केंद्र सरकार की नौकरियों और शिक्षण संस्थानों में ओबीसी के लिए 27 फीसदी आरक्षण का प्रावधान है।

लेख में पीएम मोदी ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर भी विपक्ष को घेरा। उन्होंने कहा कि नारीशक्ति को विधायी संस्थाओं में पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक को विपक्ष के एक प्रमुख दल ने पारित नहीं होने दिया। पीएम ने कहा कि इससे पता चलता है कि उस दल के मन में संवैधानिक मूल्यों के प्रति कितना कम सम्मान है। उन्होंने देश की नारीशक्ति को भरोसा दिलाया कि उन्हें न्याय दिलाने के संकल्प को कोई ताकत नहीं रोक सकती।

पीएम मोदी ने कहा कि संवैधानिक लोकतंत्र में विपक्ष की भूमिका तय है, लेकिन आज विपक्ष अवरोध पक्ष बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प नहीं हो सकता। अपने लेख में पीएम ने भाजपा सरकार द्वारा किए गए संविधान संशोधनों का जिक्र भी किया और जीएसटी तथा आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए 10 फीसदी आरक्षण का उल्लेख किया।

नक्सलवाद का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि दशकों तक नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को उसके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे से विशेष संतोष मिला है और अब हथियारी नक्सली समाप्त होने के बाद केवल दिमागी नक्सली बचे हैं, जो देश की विकास यात्रा को पटरी से उतारने की कोशिशों में लगे हैं।