प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को संविधान दिवस के मौके पर ब्लॉग लिखकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देना चाहती है। मोदी ने लिखा कि संविधान निर्माता, खासकर डॉ. भीमराव आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे। उन्होंने नारी शक्ति वंदन बिल का जिक्र करते हुए कहा कि विपक्ष के एक प्रमुख दल ने महिलाओं को आरक्षण देने के लिए लाए गए विधेयक को पारित नहीं होने दिया, जिससे साबित होता है कि उस दल के मन में संवैधानिक मूल्यों के प्रति कम सम्मान है। पीएम ने भरोसा दिलाया कि नारीशक्ति को न्याय दिलाने का संकल्प नहीं रुकेगा।
मोदी ने ब्लॉग में नक्सलवाद का भी जिक्र किया और कहा कि दशकों तक आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने बंदूक के दम पर सबसे गरीब व्यक्ति को संविधान के अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने कहा कि इस साल नक्सलवाद के खात्मे से उन्हें विशेष संतोष मिला है। प्रधानमंत्री ने 1951 के पहले संविधान संशोधन और आपातकाल के दौरान हुए 42वें संशोधन का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि पहले संशोधन से नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता प्रभावित हुई, जबकि 42वें संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति सीमित की और संस्थाओं के बीच शक्तियों का संतुलन बदला। उन्होंने कहा कि तब की सरकारों ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए अनुच्छेद 356 का बार-बार इस्तेमाल किया और एक राजनीतिक दल के नाम इस अनुच्छेद के करीब 100 बार इस्तेमाल का रिकॉर्ड है।
पीएम ने कहा कि 1950 के बाद पहली बार संविधान का अपडेटेड संस्करण आठवीं अनुसूची की सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध कराया गया है, जिससे संविधान आम लोगों के और करीब आया है। उन्होंने भारतीय न्याय संहिता का जिक्र करते हुए कहा कि आजादी के बाद भी देश में अंग्रेजों के समय की दंड संहिता लागू थी, जबकि नई व्यवस्था में दंड के बजाय नागरिक और न्याय को महत्व दिया गया है।
इस बीच, सरकार लोकसभा की सीटें बढ़ाकर 850 करने की तैयारी कर रही है, जो परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़ा बदलाव है। इससे पहले 15 से 17 अप्रैल तक बुलाए गए संसद के विशेष सत्र में इन बिलों पर चर्चा हुई थी, लेकिन जरूरी दो-तिहाई बहुमत न मिलने से बिल पारित नहीं हो सके। उस दौरान लोकसभा में 528 सांसदों ने वोट डाले, जिसमें 298 पक्ष में और 230 विरोध में पड़े, जबकि पारित कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी। इधर, प्रधानमंत्री मोदी ने मंत्रियों से 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारी पूरी करने को कहा है और सत्र से पहले विदेश यात्रा से बचने की सलाह दी है। सूत्रों के मुताबिक, मोदी चाहते हैं कि सत्र 15 दिसंबर से पहले बुलाया जाए, हालांकि सत्र की तारीख और अवधि संसदीय मामलों की कैबिनेट समिति तय करेगी।
