कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दीपके ने बुधवार को नागपुर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में केंद्र की मोदी सरकार पर हमला बोला। इस दौरान उन्होंने सोशल मीडिया पर सेंसरशिप को लेकर सरकार के खिलाफ नाराजगी जताई। दीपके ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर केवल पीएम मोदी को ही बढ़ावा दिया जा रहा है और जनवरी से जून के बीच इंस्टाग्राम से 50 लाख से अधिक पोस्ट हटा दी गई हैं। उन्होंने कहा कि देश में सेंसरशिप इस कदर हावी है कि पीएम मोदी की तस्वीर को छोड़कर अन्य राजनीति से जुड़ी चीजों को इंस्टाग्राम और मेटा पर दबाया जा रहा है। इसी वजह से उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस के लिए पीएम की तस्वीर और 'मोदी चालीसा' रखी। कार्यक्रम की शुरुआत इसी गीत से की गई, जिसके बाद दीपके पर हनुमान चालीसा के अपमान के आरोप लगने लगे। इस दौरान सीजेपी के सह संयोजक आशुतोष रांका भी मौजूद थे।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में एक पत्रकार ने दीपके से पूछा कि क्या 'मोदी चालीसा' के ऑडियो से हिंदुओं की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं होंगी। इस सवाल पर अभिजीत दीपके भड़क गए। उन्होंने इस गीत को बनाने वाले और भाजपा के सोशल मीडिया हैंडल पर कार्रवाई की मांग की। दीपके ने कहा कि जिस सिंगर ने यह गाना गाया है, उस पर तुरंत एफआईआर होनी चाहिए और उसे जेल में डाला जाना चाहिए। उन्होंने भाजपा के सोशल मीडिया वालों पर भी एफआईआर की मांग करते हुए कहा कि यह गाना वहीं से उठाया गया है। बता दें कि सीजेपी पर पहले भी सनातन धर्म के अपमान के आरोप लग चुके हैं। नीट पेपर लीक के खिलाफ आंदोलन के दौरान 'सीता के पति' नारे लगने पर भी विवाद हुआ था।
इस बीच अभिजीत दीपके ने साफ किया है कि वे चुनाव नहीं लड़ेंगे। उन्होंने चुनाव लड़ने या नई पार्टी के गठन की संभावनाओं को खारिज करते हुए कहा कि सीजेपी की कोई राजनीतिक पार्टी बनाने की योजना नहीं है। उन्होंने कहा कि वे किसी भी पार्टी का पक्ष लेने के लिए नहीं आए हैं। दीपके ने यह भी कहा कि वे आगामी यूपी चुनावों में किसी भी पार्टी को समर्थन नहीं देंगे।
