अजगैवीनाथ धाम (भागलपुर)। उत्तरवाहिनी गंगा पर बन रहे अजगैवीनाथ धाम-अगुवानी फोरलेन पुल का निर्माण कार्य फिर तेज हो गया है। छठ महापर्व खत्म होने और गंगा का जलस्तर घटने के बाद निर्माण एजेंसी ने सभी कार्यस्थलों पर गतिविधियां बढ़ा दी हैं। समय-सीमा के भीतर परियोजना पूरी करने पर जोर दिया जा रहा है।
निर्माण स्थल से मिली जानकारी के अनुसार बीच गंगा में पाया संख्या 11 पर सफाई का काम शुरू हो गया है। इंजीनियरों के अनुसार जलस्तर में एक मीटर और कमी आते ही पाया संख्या 10 और 12 पर भी निर्माण शुरू कर दिया जाएगा। पाया संख्या पी-2ए, पी-3ए और पी-4ए पर वेलकूप निर्माण का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। फिलहाल पुल और एप्रोच पथ के निर्माण में करीब 250 मजदूर लगाए गए हैं।
एप्रोच पथ के प्रोजेक्ट मैनेजर मृत्युंजय प्रताप राव ने बताया कि रेलवे लाइन के ऊपर गर्डर लॉन्चिंग के कार्य की आधिकारिक स्वीकृति मिल गई है। स्वीकृति के साथ इसकी प्रारंभिक तकनीकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द गर्डर लगाने का काम धरातल पर शुरू किया जाएगा। विभागीय स्तर पर भी निर्माण कार्य की निगरानी तेज कर दी गई है।
परियोजना को नवंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य तय किया गया है। इस फोरलेन महासेतु के चालू होने से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच सीधा सड़क संपर्क मजबूत होगा। इससे यात्रियों का आवागमन सुगम होने और समय बचने के साथ क्षेत्र में व्यापारिक और परिवहन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
