अमेरिका में रहने वाली वंदना राय 14 साल बाद छठ महापर्व मनाने के लिए अपने पैतृक गांव आसमानीचक (बांका) आई थीं। छठ संपन्न होने के बाद गुरुवार की सुबह वह अपनी तीन बहनों और बच्चों के साथ कार से बनारस लौट रही थीं। भागलपुर जिले के मधुसुदनपुर के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी कार में जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में वंदना और कार चालक जेनेंद्र शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कार में सवार चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। कुछ घंटे पहले तक जिस घर में छठ की खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब मातम पसरा है। परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे, जहां घायल स्वजनों को देखकर उनका कलेजा कांप उठा। परिवार के लिए यह दोहरी त्रासदी है—एक तरफ वंदना हमेशा के लिए बिछड़ गईं, तो दूसरी तरफ घायल स्वजनों की सलामती की चिंता सता रही है।
आसमानीचक गांव में भी वंदना की मौत से शोक की लहर है। ग्रामीणों के बीच इसी बात की चर्चा है कि 14 साल बाद मायके आई बेटी की विदाई इस तरह होगी, इसकी किसी ने कल्पना नहीं की थी। छठ के गीतों से गूंजने वाला घर अब अपनों को खोने के गम में डूबा है।
